Budaun News: गणपति की विसर्जन यात्राओं में उड़ा अबीर-गुलाल
बदायूं। श्रीगणेशजी की प्रतिमा विसर्जन यात्राओं के दौरान सोमवार को खूब अबीर और गुलाल उड़ाया गया। इस दौरान श्रद्धालु झूमते-नाचते गाते रहे और उन्होंने गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ… देवा ओ देवा आदि जायकारे लगाकर माहौल भक्तिमय बना दिया। गणेश महोत्सव के अंतिम दिन शहर से लेकर कछला गंगा घाट तक गणपति विसर्जन यात्रा निकाली गईं। इस दौरान कछला मार्ग पर दोपहर के बाद शाम तक जाम की स्थिति बनी रही।
शहर के विभिन्न मोहल्लों में सौ से अधिक स्थानों पर गणपति का दरबार लगा था। सोमवार को गणेशजी की विसर्जन यात्राएं निकाली गईं। श्रीगणेश सेवा मंडल के तत्वावधान में बिरुआबाड़ी मंदिर परिसर में चल रहे गणेश महोत्सव में ब्रजमंडल के कलाकारों ने रासलीला की विशेष प्रस्तुति दी। विसर्जन यात्रा भोला धाम से शुरू हुई। पथिक चौक, टिकटगंज चौराहा, हलवाई चौक, खैराती चौक, नेहरू चौक, गोपी चौक, साहू धर्मशाला होते निकाली गई। इस दौरान वीरेंद्र वार्ष्णेय, सुनील गुप्ता, सुनील वार्ष्णेय, रामेश्वर दयाल प्रजापति, राहुल राठौर, अवनेश साहू, संतोष गुप्ता, राकेश गुलाटी आदि मौजूद रहे।
कछला गंगाघाट पर विसर्जित की गईं गणेश प्रतिमाएं
उझानी/कछला। गंगा को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए जेसीबी से नदी किनारे खोदे गए गहरे गड्ढों में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन किया गया। इस दौरान भक्न गुलाल से सराबोर हो गए।
विसर्जन कार्यक्रम सोमवार पूर्वाह्न से ही शुरू हो गया।भक्त छोटी प्रतिमाएं लेकर घाट पर पहुंचे। उन्होंने पुरोहितों से पूजन कराया। इसके बाद विसर्जन किया गया। उझानी से साहू परिवार के पांडाल से गणेश शोभायात्रा निकाली गई। गुलाल उड़ाते हुए घाट पर पहुंचे भक्तों ने जमकर धमाल मचाया। बदायूं के गणेश भक्तों ने प्रतिमा विसर्जन के दौरान प्रसाद भी बांटा। बदायूं से करीब एक दर्जन प्रतिमाएं विसर्जित की गईं। बिसौली, बिल्सी के गणेश भक्तों ने विसर्जन से पहले धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। नगर पंचायत अध्यक्ष जगदीश सिंह लौनिया चौहान ने गंगाघाट पर खुद भी सफाई की। संवाद


