Shahjahanpur News: बाइक सवार दामाद व समधी ने घेराबंदी कर गोली मारी

राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायल अजय पाल। संवाद
दहेज उत्पीड़न के मामले में तारीख पर अदालत जा रहे थे अजय पाल
संवाद न्यूज एजेंसी
भावलखेड़ा (शाहजहांपुर)। दहेज उत्पीड़न के मामले में तारीख पर अदालत जा रहे थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव आटा बंदरिया निवासी अजय पाल (45) के गोली मार दी गई। आरोप है कि कनेंग गांव की पुलिया के पास दामाद और समधी समेत तीन लोगों ने रास्ते में घेर लिया और हाथ में गोली मार दी। उन्होंने भागकर जान बचाई।
अजय पाल की पुत्री किरण का विवाह दो वर्ष पूर्व गांव मऊपुर चौरासी थाना राजेपुर जनपद फर्रुखाबाद में अंकित के साथ हुआ था। शादी के कुछ दिन बाद ही दोनों में विवाद हो गया। मामले में अजय पाल की ओर से थाना सेहरामऊ दक्षिणी में दहेज उत्पीड़न की धाराओं में केस दर्ज कराया गया था। इसकी चार्जशीट अदालत में लगा दी गई है।
मंगलवार को दोपहर करीब दो बजे इसी मुकदमे की तारीख पर अजय पाल कचहरी जा रहे थे। पीड़ित के मुताबिक रास्ते में गांव कनेंग की पुलिया के पास उन्हें एक बाइक पर सवार तीन लोगों ने रोक लिया। बाइक पर अंकित और उनके समधी रामभजन समेत एक अज्ञात व्यक्ति सवार था। आरोपियों ने मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाया। मना करने पर दो राउंड फायर किए।
एक गोली उनकी दाहिनी कोहनी में जा लगी। गोली लगने के बाद आरोपी मौके से भाग गए। सूचना पर पीआरवी मौके पर आ गई। आरसी मिशन थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित से घटना के संबंध में पूछताछ की। घायल को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना दोनों थानों के बॉर्डर पर हुई है। अधिकारियों को इस संबंध में अवगत करा दिया गया है। पीड़ित पक्ष की ओर से अभी किसी भी थाने में तहरीर नहीं दी गई है।
–
दोनों पक्षों में पूर्व से मुकदमे को लेकर रंजिश चल रही है। दामाद और समधी पर गोली मारने का आरोप है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
-सुधीर जायसवाल, एसपी सिटी