Pilibhit News: विधायक और पूर्व मंत्री ने खत्म कराया साधु-संतों का धरना
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Sat, 30 Sep 2023 12:32 AM IST

गांव दियूरिया खुर्द में चल रहे धरने को समाप्त कराते विघायक और पूर्व मंत्री । स्रोत – विघायक
बिलसंडा। गांव दियूरिया खुर्द में तालाब का पट्टा निरस्त कराने की मांग को लेकर चल रहा साधु-संतों का धरना शुक्रवार को नौवें दिन विधायक और पूर्व मंत्री के आश्वासन पर खत्म हो गया। संतों ने बताया कि विधायक ने उन्हें 30 नवंबर तक तालाब का पट्टा निरस्त कराने का आश्वासन दिया है।
गांव दियूरिया खुर्द में पुरैना तालाब का गांव के प्रेमचंद के नाम पट्टा कर दिया गया था। पट्टा के बाद प्रेमचंद ने तालाब में मछली पालन और बिक्री शुरू कर दी। तालाब के समीप ही महंत हनुमान दास की कुटिया है। उनका कहना है कि तालाब में मछली पालने से इस कदर दुर्गंध आती है कि वहां पहना मुश्किल हो गया है। साथ ही मछलियों की बिक्री से संतों की भावनाएं आहत हो रही हैं। इसके विरोध में संतों ने नौ दिन पूर्व धरना शुरू कर दिया। धरने पर बैठे साधु संतों को समझाने के लिए प्रशासन पुलिस सभी लोग लगे रहे, लेकिन साधु संतों ने धरना समाप्त नहीं किया।
बृहस्पतिवार को एडीएम राम सिंह गौतम भी पहुंचे और वार्ता की लेकिन वार्ता सफल नहीं हो सकी। शुक्रवार को भाजपा विधायक विवेक वर्मा और पूर्व मंत्री रामसरन वर्मा साधु संत के पास पहुंचे और विस्तृत रूप से वार्ता की वार्ता करने के बाद साधु संतों को समझाया। विधायक ने हनुमान दास को फल खिलाकर धरना समाप्त करा दिया। इसके बाद साधु संत मान गए। धरने का नेतृत्व कर रहे सत्या गिरि महाराज ने बताया कि उन्हें आश्वासन मिला है कि 30 नवंबर तक तालाब को मछलियों से खाली करा दिया जाएगा और पट्टा भी निरस्त कर दिया जाएगा। इस आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया है।