Bareilly News: सार्वजनिक स्थल पर पढ़ी नमाज, प्रधान सहित 57 पर रिपोर्ट
हाफिजगंज। थाना क्षेत्र के गांव दुआवत में सार्वजनिक स्थल पर जनाजे की नमाज पढ़ने पर प्रधान समेत सात नामजद और 50 अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। दूसरे समुदाय के लोगों ने शुक्रवार को नमाज का विरोध किया तो पुलिस ने मौके पर बैरिकेडिंग करा दी थी। इसका वीडियो वायरल कर नई परंपरा बताते हुए आक्रोशित लोग धरने पर बैठ गए थे। इसके बाद कार्रवाई की गई।
दुआवट में धर्मिक स्थल के पास की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आठ दिन पूर्व भी यहां विवाद हुआ था। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। पुलिस ने तीन महिलाओं का शांति भंग में चालान किया था। सीओ व एसडीएम नवाबगंज ने गांव आकर मामले का हल निकालने की बात कही थी। शुक्रवार को गांव में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके बाद जनाजे की नमाज धार्मिक स्थल के पास पढ़े जाने की तैयारी होने लगी। दूसरे पक्ष के लेखराज ने विरोध किया तो पुलिस मौके पर पहुंच गई।
उन्होंने धार्मिक स्थल की बैरिकेडिंग कर दी। इसके बाद नमाज पढ़ी गई। दरोगा गजेंद्र सिंह ने तहरीर देकर बताया कि प्रधान मोहम्मद उमर, कलुआ, नरवर खां, साबिर, जमादे अली, पुरवे अली, मुमताज समेत 50 अज्ञात लोग सार्वजनिक जगह पर नमाज अदा कर रहे थे। इससे माहौल बिगड़ने की आशंका थी। इंस्पेक्टर चेतराम वर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


