Pilibhit News: बाइक स्वामी बोला- घटना की रात घर से नहीं निकला था बाहर
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Fri, 29 Sep 2023 11:51 PM IST
पूरनपुर। गांव टांडा छत्रपति गौटिया निवासी दंपती को बंधक बनाकर लूटपाट करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। तहरीर में जिस बाइक से बदमाशों के घर के समीप पहुंचने की जानकारी पुलिस को दी गई है। उसके स्वामी ने कोतवाली पहुंचकर रंजिशन आरोप लगाने की बात कही है। बोला- जिस रात की घटना बताई गई है, उस रात वह घर से बाइक लेकर कहीं नहीं गया। सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग देखी जा सकती है।
मालूम हो कि टांडा छत्रपति गौटिया निवासी रामकुमार ने बृहस्पतिवार को पुलिस को तहरीर देकर ढाटा बांधे तीन सशस्त्र बदमाशों पर घर में घुसकर उसे और उसकी पत्नी को बंधक बनाकर तीस हजार रुपये, सोने के कुंडल, पैंडल लूटने, विरोध पर पिटाई करने का आरोप लगाया था। उसका आरोप यह भी था कि पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज करने की शिकायत के नाम पर सादे कागज पर उसके हस्ताक्षर करा लिए।
रामकुमार ने एसपी को भेजे शिकायती पत्र में एक बाइक का नंबर भी लिखा है। शिकायत में कहा गया था कि घटना से कुछ देर पहले बाइक उसके घर के पास खड़ी थी। शुक्रवार को कोतवाली पहुंचे गांव नरायनपुर निवासी बाइक स्वामी ने रंजिशन उसे फंसाने को आरोप लगाने की जानकारी पुलिस को दी। आरोप को निराधार बताते हुए उसकी एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई। कोतवाल जगत सिंह ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

