Bareilly News: चार दिन में पलट गया फैसला, अब राजेंद्र प्रसाद होंगे प्रधानाचार्य
बरेली। मौलाना आजाद इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य पद को लेकर जेडी अजय कुमार द्विवेदी का फैसला चार दिन भी नहीं टिक सका। सोमवार को हाईकोर्ट ने मामले में डीआईओएस के पूर्व में किए गए फैसले को तरजीह दी है। डीआईओएस तीन महीने तक मामले की सुनवाई करके कोर्ट को अपनी रिपोर्ट देंगे। 15 मई तक डीआईओएस को कोर्ट के समक्ष अपना प्रत्यावेदन प्रस्तुत करने को कहा गया है।
मौलाना आजाद इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य पद को लेकर पांच सप्ताह की खींचतान के बाद जेडी अजय कुमार द्विवेदी ने दुर्गेश कुमार को कुर्सी सौंपी थी। सोमवार को कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए डीआईओेएस सोमारू प्रधान ने बताया कि प्रकरण में मेरे द्वारा पूर्व में किया गया आदेश ही प्रभावी रहेगा। इसके मुताबिक अब राजेंद्र प्रसाद ही प्रधानाचार्य होंगे।
उन्होंने कहा कि तीन महीने तक मामले की पुन: सुनवाई की जाएगी। इसके आधार पर फिर से फैसला किया जाएगा। तब तक विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद ही रहेंगे। दूसरी ओर दुर्गेश कुमार ने कोर्ट के फैसले पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि विद्यालय के प्रधानाचार्य वे ही हैं और वे ही रहेंगे। मामले में जेडी अजय कुमार द्विवेदी का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
वर्जन
न्यायालय में विचाराधीन मामले में हस्तक्षेप उचित नहीं है, फिर भी जेडी ने दुर्गेश कुमार के पक्ष में फैसला सुनाया था। सोमवार को कोर्ट का निर्णय आने के बाद मुझे दायित्व सौंपा गया है। न्यायालय के फैसले का स्वागत करता हूं। – राजेंद्र प्रसाद, प्रधानाचार्य, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज



