Shahjahanpur News: प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने मत्स्य पालन के लिए किया प्रोत्साहित

ग्राम रौसर में अमृत सरोवर का निरीक्षण करते प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप। सूचना विभाग
शाहजहांपुर। प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने ग्राम रौसर में अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तालाब में मछलियों को दाना डाला। उन्होंने मछली पालन की जानकारी ली।
अमृत सरोवर पर कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के जन्मदिवस पर स्वच्छता अभियान के साथ जुड़कर, सभी लोग अपना योगदान देते रहें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिलाओं की पुरानी कठिनाइयों को बहुत बारीकी से समझा और महिलाओं के लिए 13 करोड़ शौचालय बनवाने का कार्य किया है। इससे महिलाओं का आत्मसम्मान बढ़ा है। अब उन्हें शौच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता।
उन्होंने बताया कि मत्स्य पालन के लिए 20 हजार करोड़ का बजट है। 15 करोड़ लोगों को तीन साल से निशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने अपील करते हुए कहा कि हम सबको स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना है, साथ ही उन्होंने सभी को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। इस दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, ग्राम प्रधान गुड्डी आदि मौजूद रहे।
कम्युनिटी सेंटर का जायजा लिया
शाहजहांपुर। प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने नगर निगम की ओर से फतेहपुर चुंगी के पास त्वरित विकास आर्थिक योजना के तहत 94 लाख 45 हजार रुपए की लागत से निर्माणाधीन बहुउद्देश्यीय कम्युनिटी सेंटर का निरीक्षण किया। निर्देश दिए गए कि इस तरह से निर्माण हो कि भविष्य में प्रथम तल व द्वितीय तल का भी विस्तार कराया जा सके। साथ ही निर्माणाधीन कम्युनिटी सेंटर के निर्माण कार्य के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस मौके पर नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा, अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, मुख्य अभियंता सिविल एसके अंबेडकर, अधिशासी अभियंता आशीष त्रिवेदी आदि मौजूद रहे। संवाद