Pilibhit News: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पूजा की मौत का राज नहीं खुला
दहेज न दे पाने पर टूटा रिश्ता, युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर दी थी जान
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। दहेज की मांग पूरी न होने पर मंगेतर के दूसरी शादी करने से क्षुब्ध होकर पूजा ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। उसकी मौत का राज पोस्टमार्टम में नहीं खुल सका। डाॅक्टर ने विसरा सुरक्षित किया है।
माधोटांडा थाने के गांव रूदपुर निवासी संत कुमार ने अपनी बहन पूजा की शादी एक फरवरी को पूरनपुर कोतवाली के गांव लाह निवासी एक युवक से तय की थी। पांच मई को बरात लेकर आना तय हुआ, लेकिन बरात लाने से कुछ दिन पहले युवक ने दहेज में पांच लाख रुपये की मांग की। धर्मपाल ने मांग पूरी न होने पर बरात लाने से इन्कार कर दिया। साथ ही दूसरी युवती से शादी कर ली। इससे क्षुब्ध होकर उसकी बहन ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पूजा को रविवार को गंभीर हालत में सीएचसी लाया गया था। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
माधोटांडा पुलिस ने पूजा के शव का पोस्टमार्टम कराया। संत कुमार ने पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में की है। पत्र में रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग भी की गई है। इंस्पेक्टर माधोटांडा वीरेश कुमार ने बताया कि पूजा की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं हुआ है। उसका विसरा सुरक्षित किया गया है। विसरा को जांच को प्रयोगशाला भिजवाया जाएगा। अगर तहरीर मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।