Budaun News: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म

सिविल लाइन थाने में पुलिस की गिरफ्त में खड़ा आरोपी। स्रोत-पुलिस
महिला की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। दातागंज कोतवाली क्षेत्र की एक विधवा महिला से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने उसकी तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
करीब 35 वर्षीय महिला दातागंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। उसके चार छोटे-छोटे बच्चे हैं। पांच साल पहले उसके पति की मौत हो गई। वह मजदूरी करके अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही है। महिला का कहना है कि कासगंज जिले के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के गांव बस्तौली निवासी टिंकू उर्फ सुधीर से फेसबुक पर दोस्ती हुई। इसके बाद दोनों की मोबाइल पर बातचीत होने लगी।
टिंकू ने उसे शादी का झांसा दिया। वह उसकी बातों में आ गई और बदायूं में किराये का मकान लेकर रहने लगी। इस दौरान टिंकू ने कई बार उसके साथ संबंध बनाए। बाद में वह उसे अपने गांव ले गया। वहां जाकर पता चला कि टिंकू पहले से शादीशुदा है। उसने विरोध किया तो उसे घर से निकाल दिया। इंस्पेक्टर गौरव सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।