रामपुर

Rampur News: अफसर सुनते नहीं, जनता के सामने कैसे जाएं

Connect News 24

रामपुर। जनता की समस्याओं को लेकर जब हम अफसरों के सामने जाते हैं तो कोई सुनवाई नहीं होती। ऐसे में जनता के सामने क्या मुंह लेकर जाएं। शनिवार को रामपुर आए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के सामने भाजपा पदाधिकारियों ऐसे ही शब्दों में अपना दर्द बयां किया। कहा कि उनकी उपेक्षा की जा रही है। इस दौरान तमाम पदाधिकारियों ने गांवों में व्याप्त छुट्टा पशुओं की समस्या का मुद्दा उठाया। इस पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने वाले अधिकारियों को तत्काल हटाया जाएगा। समस्याओं को प्राथमिकता से लेने वाला अधिकारी ही कार्य करेगा।

उप मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यालय पर आयोजित सभा में जिले की पांचों विधानसभा के दो-दो मंडल अध्यक्षों से प्रमुख समस्याएं जानीं। शुरूआत उन्होंने स्वार से की। कहा कि स्वार की जनता ने यहां पर भाजपा गठबंधन को जिताया तो इसलिए यहां के कार्यकर्ता की समस्या पहले सुनते हैं। मंडल अध्यक्षों ने विधानसभा में अवैध खनन की शिकायत करते हुए कहा कि रात में यहां अवैध डंपरों से खनन होता है। इसके चलते हो रहे हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है।

बिलासपुर और चमरौआ विधानसभा के मंडल अध्यक्षों ने बिजली-पानी की समस्या उप मुख्यमंत्री के सामने रखी। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की समस्या बेहद खराब है। ऐसे में न तो किसानों को समय पर फसलों की सिंचाई करने को मिल रही है और न ही उन्हें घर मेंं ठीक ढंग से बिजली मिल रही है। मिलक-शाहबाद विधानसभा में छुट्टा पशुओं की समस्या उप मुख्यमंत्री के सामने रखी गई। समस्याएं सुनकर उप मुख्यमंत्री ने निस्तारण का आश्वासन दिया।

नगर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रह चुके भारत भूषण गुप्ता ने भी सभा के दौरान उप मुख्यमंत्री के सामने पार्टी के कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को वह सम्मान नहीं मिल पा रहा है, जिसके वह हकदार हैं। पुलिस-प्रशासन कार्यकर्ताओं की सुनवाई नहीं कर रहा है।

::::::::::::::::::

हर माह होगी भाजपा पदाधिकारियों की पुलिस-प्रशासन के साथ बैठक

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में हर माह भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ताओं की एक बार पुलिस व प्रशासनिक अफसरों संग बैठक की व्यवस्था लागू होगी। इसमें क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को अधिकारियों के बीच रखा जा सकेगा। कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं। इनकी समस्याओं को अनसुनी करने वाले अफसरों को तत्काल हटाया जाएगा।

::::::::::::::::

उप मुख्यमंत्री के सामने आईं प्रमुख समस्याएं

-अवैध खनन, अघोषित बिजली कटौती, गांवों में पाइपलाइन की वजह से टूटी गलियां, छुट्टा पशु और जमीन से जुड़े विवाद।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button