Pilibhit News: बाघ के शावकों को घूमते देख लोगों ने मचाया शोर
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Wed, 04 Oct 2023 12:25 AM IST
पूरनपुर। प्रसादपुर हाल्ट के समीप चहलकदमी कर रहे बाघ के शावक सोमवार रात को भी दिखे। लोगों ने शोर-शराबा किया तो वे पटरी के समीप झाड़ियों में छिप गए। शावकों की चहलकदमी से लोग दहशत में है। सूचना के बाद भी वन विभाग के कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंच सके।
प्रसादपुर हाल्ट के समीप चार दिन से बाघ के तीन शावकों की चहलकदमी देखी जा रही है। रविवार रात रेलवे गेटमैन रमन के परिजनों ने सडक़ पर घूमते बाघ के शावक का वीडियो बना लिया था। एक शावक को कुत्तों के झुंड ने दौड़ा लिया था। बाद में शावक खेतों के समीप झांडिय़ों में चले गए थे।
सोमवार रात प्रसादपुर गांव के समीप पानी की टंकी की पाइप डाल रहे मजदूरों ने प्रसादपुर हाल्ट रेलवे क्रासिंग के समीप दो शावकों को घूमते देखकर शोर-शराबा किया। इस पर वे झाडिय़ों में छिप गए। इसकी सूचना वन विभाग के अफसरों को भी दी गई, लेकिन शावकों की निगरानी आदि को कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। वन एवं वन्य जीव प्रभाग के रेंजर श्यामलाल यादव ने बताया कि माधोटांडा क्षेत्र में बाघ के रेस्क्यू में सभी टीमें लगी हैं। शीघ्र ही प्रसादपुर हाल्ट के समीप भी टीम भेजी जाएगी।