रामपुर

धान खरीद : तीसरे दिन दो केंद्रों पर हुई बोहनी

Connect News 24

रामपुर। धान खरीद के तीसरे दिन 144 क्रय केंद्रों में दो पर बोहनी हो गई। मिलक और शाहबाद मंडी में 120 क्विंटल धान खरीदा गया है। वहीं निजी आढ़तों पर किसान भारी संख्या में धान लेकर पहुंच रहे हैं। यहां उन्हें सरकार के न्यूनतम समर्थन मूल्य से अच्छा भाव मिल रहा है।

शासन ने इस बार जिले को 2.98 लाख टन धान की खरीद का लक्ष्य दिया है। इसकी पूर्ति के लिए 144 केंद्रों पर तीन अक्तूबर से धान की खरीद चल रही है। शुरुआत दो दिनों में किसी भी केंद्र पर धान का एक भी दाना बिकने के लिए नहीं पहुंचा। तीसरे दिन बृहस्पतिवार को शाहबाद और मिलक मंडी में धान खरीद का खाता खुला। यहां पर 120 क्विंटल धान की तौल हुई है। शासन ने धान की खरीद के लिए 2183 रुपये का मूल्य तय किया है। जबकि ग्रेड ए का धान 2203 रुपये तय किया है। निजी आढ़तों पर किसानों को 2200 से लेकर 2400 तक के दाम मिल रहे हैं।

धान बेचने क्रय केंद्र पहुंचे किसानों का जोरदार स्वागत

शाहबाद। बृहस्पतिवार को मंडी में स्थापितआरएफसी के तीन धान क्रय केंद्रों पर क्षेत्र के तीन किसान बनवारी लाल, जाकिर तथा जगपाल धान लेकर पहुंचे। तीनों किसानों का 37.60 क्विंटल धान खरीदा गया। तीनों किसानों का एसडीएम सुनील कुमार ने फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। साथ ही उन्हें मिठाई खिलाई। इसके बाद कांटों का पूजन भी किया गया। इस मौके पर विपणन अधिकारी सत्यवीर सिंह, इंदर सिंह और केंद्र प्रभारी अमित सक्सेना मौजूद रहे।


शहर की मंडी में सूने रहे केंद्र

रामपुर शहर की नवीन मंडी में 16 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें तीसरे दिन भी खाता नहीं खुला है। केंद्रों पर प्रभारी खाली बैठकर किसानों का इंतजार करते रहे, लेकिन एक भी किसान नहीं पहुंचा। आगापुर, पनवड़िया और ककरौआ किसान सेवा सहकारी समिति में बने केंद्र पर सन्नाटा रहा।

:::::::::::::::

धान खरीद के तीसरे दिन शाहबाद और मिलक मंडी में किसानों से धान खरीदा गया है। केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे किसानों से लगातार संपर्क करते रहें। जिससे लक्ष्य की पूर्ति हो सके।

-कौशल देव, जिला खाद्य एवं विपरण अधिकारी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button