बरेली

Bareilly News: धर्मस्थल की जमीन कब्जाने का आरोप लगाकर गांव छोड़ने की धमकी

Connect News 24

रामनगर। मऊ चंदपुर गांव में धर्मस्थल की जमीन कब्जाने की शिकायत पर कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने गांव छोड़ने की धमकी दी है। उन्होंने मकान पर पोस्टर भी चस्पा कर दिए। हालांकि, पुलिस के समझाने के बाद पोस्टर हटा लिए गए। मामले में कार्रवाई के लिए हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोग बृहस्पतिवार को एसडीएम से भी मिले।

गांव निवासी लटूरी, हरिओम, लाल सिंह, आशीष यादव, शिवदयाल, खेमकरन आदि ने बताया कि धर्मस्थल के आसपास काफी जमीन है। वहां पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है। पास में ही दूसरे समुदाय का कब्रिस्तान है। आरोप है कि ग्राम प्रधान और लेखपाल से सांठगांठ करके धर्मस्थल की जमीन पर कब्जा करके उसे कब्रिस्तान में मिलाया जा रहा है। जमीन पर बाउंड्रीवॉल का निर्माण शुरू होने के बाद मामले की शिकायत की गई थी, मगर कोई ध्यान नहीं दिया।

बृहस्पतिवार को इन लोगों ने मकान पर गांव छोड़ने के पोस्टर भी चस्पा कर दिए। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया। इसके बाद पोस्टर हटा लिए गए। वहीं, ग्राम प्रधान केसर अंसारी ने बताया कि एसडीएम की मौजूदगी में पैमाइश की गई थी। इसके बाद जमीन पर निर्माण शुरू हुआ। गांव के कुछ लोगों ने प्रार्थनापत्र दिया है। इसके बाद वहां काम बंद करा दिया गया। आंवला इंस्पेक्टर ने बताया कि ग्रामीणों ने लिखकर दिया है कि कुछ लोगों के बहकावे में आकर उन्होंने पोस्टर लगाए थे। उन्हें समझाया गया है। अब गांव में कोई विवाद नहीं है।

एसडीएम से मिलने पहुंचे हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोग

आंवला। मामले में हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोग एसडीएम से मिलने पहुंचे। उन्होंने बताया कि धर्मस्थल की जमीन पर कब्जे को लेकर पहले ही ज्ञापन दिया गया था। बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की है। इसी का नतीजा है कि अब वहां एक समुदाय के लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। एसडीएम ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान जयदीप पारासरी, दुर्गेश सक्सेना, आशीष पाठक, तुलसी, प्रेम, रतन ठाकुर आदि मौजूद रहे। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button