Bareilly News: एक किलो स्मैक के साथ तस्करी के दो आरोपी गिरफ्तार
बरेली। फरीदपुर के गांव बेहरा निवासी कुख्यात स्मैक तस्करों ने दोबारा धंधा शुरू कर दिया है। मेरठ की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने लखनऊ की सर्विलांस टीम के साथ बृहस्पतिवार को बरेली में दबिश देकर एक किलो स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चार आरोपी मौके से भाग गए। बारादरी थाने में सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई गई है।
इनपुट के आधार पर एएनटीएफ की मेरठ इकाई, लखनऊ मुख्यालय की सर्विलांस टीम को साथ लेकर बरेली आई। बारादरी पुलिस को साथ लेकर टीम पीलीभीत बाइपास पर तुलसीनगर के पास एजाजनगर गौटिया रोड पर पहुंची। यहां इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहपुरा निवासी सलीमउल्ला उर्फ बाली और वसंत विहार रोड नंबर एक निवासी कासिम शेख स्कूटी के साथ खड़े थे। टीम ने उनको दौड़ाकर पकड़ लिया।
सूचना पर सीओ तृतीय आशीष प्रताप सिंह भी पहुंच गए। उनके पास से स्कूटी, 1.003 किलो स्मैक, दो मोबाइल फोन, 3,110 रुपये व अन्य कागजात बरामद हुए। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे फरीदपुर बेहरा निवासी सद्दाम खां, फरमान खां, सरताज और कासिम खां उर्फ गट्टू के साथ मिलकर कच्ची स्मैक से पाउडर तैयार करते हैं। ये आरोपी ही उन्हें माल देने आए थे। सभी छह आरोपियों के खिलाफ बारादरी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। मौके से फरार हुए सद्दाम और फरमान खां कुख्यात तस्कर भोला उर्फ तैमूर के भाई हैं। बता दें कि एक लाख का इनामी तस्कर भोला डेढ़ साल से दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है।
फरीदपुर, फतेहगंज पश्चिमी और मीरगंज के तस्कर एएनटीएफ के रडार पर हैं। तीनों ही कस्बों में रहने वाले तस्करों की जानकारी जुटाई जा रही है। इनपुट मिलने पर आगे भी ऐसी कार्रवाई हो सकती है। उनके खिलाफ गैंगस्टर भी लगाया जा सकता है।
सूत्र बताते हैं बरेली एएनटीएफ की भूमिका कुछेक मामलों में अच्छी नहीं रही है। टीम के एक सिपाही के स्थानीय धंधेबाजों से पुराने जुड़ाव की जानकारी अधिकारियों को है। इसकी वजह से कार्रवाई की सूचना लीक होने का खतरा था। इसलिए स्थानीय टीम को कार्रवाई से अलग रखा गया।
मेरठ एएनटीएफ ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर एक किलो से ज्यादा स्मैक पकड़ी है। पूछताछ में तस्करों से जो जानकारी मिली है, उस पर आगे काम किया जाएगा। – आशीष प्रताप सिंह, सीओ तृतीय



