बदायूं

Budaun News: निलंबन के बाद हुई जांच में रसोइयों को मिली क्लीन चिट

Connect News 24

गत माह हड्डी वार्ड में शाम के भोजन में निकली थी सूड़ी

मरीजों के हंगामे के बाद पहुंचे सीएमएस ने कराई थी जांच

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। जिला अस्पताल के हड्डी वार्ड में गत माह मरीज की थाली में सूड़ी निकलने के बाद तीमारदारों ने वार्ड में जमकर हंगामा किया था। ऐसे में अस्पताल प्रशासन ने दोनो रसोइयों को निलंबित करते हुए जांच शुरू कराई थी। अब इस प्रकरण की जांच करने वाले चिकित्सक ने जांच में दोनों रसोइयों को क्लीन चिट देते हुए जांच रिपोर्ट सीएमएस को सौंप दी है।

अस्पताल में भर्ती मरीजों को सुबह-शाम खाना दिया जाता है। पिछले महीने 19 सितंबर शाम को जब मरीजों को खाना दिया गया तो दाल में सूड़ी निकली, जिसके बाद मरीजों ने हंगामा किया। अस्पताल प्रशासन ने किसी तरह मरीजों और तीमारदारों को समझा-बुझाकर शांत किया। उसके बाद अगले दिन फिर सुबह जब मरीजों को खाना दिया गया तो उसमें भी सूड़ी निकलने की बात कहते हुए तीमारदारों ने हंगामा किया।

दूसरे दिन हंगामा इतना बढ़ गया कि सीएमएस डाॅ. कप्तान सिंह को दोनों रसोइयों को निलंबित करना पड़ा। सीएमएस ने इस प्रकरण की जांच डाॅ. अमित वार्ष्णेय को सौंपी थी। जांच अधिकारी ने दो सप्ताह में जांच पूरी कर ली और चार अक्तूबर को जांच रिपोर्ट सीएमएस को सौंप दी।

जांच अधिकारी डाॅ. अमित ने बताया कि जिन दो रसोइयों को निलंबित किया गया था, उनमें से राहुल शर्मा तो उस दिन डयूटी पर था ही नहीं। राहुल ने अपना स्पष्टीकरण दिया भी दिया है। ऐसे में उसकी कोई कमी नहीं मिली। महिला कर्मचारी किरन डयूटी पर थीं लेकिन उनके अनुसार, उन्होंने खाना साफ स्वच्छ तरीके से बनाया।

मौसम ऐसा था कीड़े इधर-उधर घूमते रहते हैं। इसलिए संभव है कि दाल में कोई सूड़ी गिर गई। किरन के इस स्पष्टीकरण को सही मानते हुए जांच अधिकारी ने अपनी जांच रिपोर्ट में किसी तरह की कमी नहीं पाई। उन्होंने दोनो रसोईयों को बहाल करने की संस्तुति की। इस मामले में सीएमएस डॉ. कप्तान सिंह का कहना है कि जांच रिपोर्ट आ गई है। जांच आख्या पढ़ी नहीं है। जांच आख्या के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button