Pilibhit News: जानलेवा बीमारियों से बचाव के लिए बच्चों, गर्भवतियों का होगा टीकाकरण
पीलीभीत। गर्भवती महिलाओं के साथ ही पांच वर्ष तक के छूटे बच्चों को टीके लगाने के लिए तीसरा चरण नौ अक्तूबर से शुरू होगा। यह 14 अक्तूबर तक चलेगा। पोलियो, टीबी, गलाघोंटू, काली खांसी, टिटनेस, हिपेटाइटिस-बी, जापानी इंसेफैलाइटिस, हीमोफीलिया, इन्फल्यूजी-बी, खसरा व रूबेला आदि 12 प्रकार की बीमारियों से बचाव के लिए टीके लगाने के जिले में सघन मिशन इंद्रधनुष के तहत दो चरण पूरे हो चुके हैं। सीएमओ ने बताया कि जनपद में सघन मिशन इंद्रधनुष का तीसरा चरण नौ से 14 अक्तूबर तक चलेगा। हेड काउंट सर्वे के आधार पर जनपद में पांच साल तक के 12412 बच्चों और 3551 गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण के लिए चिह्नित किया गया है। जिले में 1515 टीकाकरण सत्रों में 270 एएनएम, 925 आशा, 233 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व 217 सहायिकाओं की मदद से टीकाकरण किया जाएगा।
सघन मिशन इंद्रधनुष का पहला चरण सात से 12 अगस्त और द्वितीय चरण 11 से 16 सितंबर तक चला। तीसरे चरण में टीकाकरण का समय सुबह नौ से शाम चार बजे तक रहेगा। सीएमओ ने सभी अफसर व जिम्मेदार कर्मचारियों को निर्देश दिए कि टीकाकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कोटेदारों को दिए टीकारण में सहयोग के निर्देश
एसडीएम सदर देवेंद्र सिंह ने शुक्रवार को तहसील सभागार में नगर के कोटेदारों के साथ बैठक की। इसमें निर्देश दिए कि सघन मिशन इंद्रधनुष का तीसरा चरण नौ से 14 अक्तूबर तक चलेगा। कोटेदार छुटे हुए पांच वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं को चिह्नित कर उनका टीकाकरण कराएं।