Bareilly News: दवा लेकर लौट रही महिला को कार ने कुचला
हाफिजगंज। दवा लेकर घर लौट रहीं कमला देवी (60) को रिठौरा के इंद्रानगर के पास तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। महिला को कुचलने के बाद कार डिवाइडर को पार कर सड़क की दूसरी लेन के किनारे खड़े आइस्क्रीम के ठेले से जा भिड़ी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर रिठौरा पुलिस चौकी पर खड़ा कराया। चालक को भी हिरासत में लिया है।
बिशारतगंज के गांव अखा निवासी जोगेंद्र सिंह ने बताया कि मां कमला देवी इज्जतनगर के गांव कलापुर स्थित मायके में रह रहीं थीं। सोमवार को वह दवा लेने के लिए रिठौरा गईं थीं। लौटते समय इंद्रानगर मोहल्ले में यादव मार्केट के सामने कार ने उन्हें कुचल दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने बताया कि कार की रफ्तार काफी तेज थी। अनियंत्रित कार महिला को कुचलने के बाद डिवाइडर को पार कर दूसरी ओर खड़े आइस्क्रीम के ठेले से टकरा कर रूकी। हादसे में ठेला भी क्षतिग्रस्त हो गया। वहां खड़ा युवक बाल-बाल बचा। घटनास्थल पर जुटी भीड़ ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
सड़क हादसे में बाइक सवार की गई जान
फतेहगंज पश्चिमी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए हादसे में सतुईया खास निवासी रंजीत सिंह (23) की मौत हो गई। बाइक चला रहे दोस्त भोले सिंह को भी चोटें आईं हैं।
परिजनों ने बताया कि रंजीत किसी काम से मीरगंज जा रहे थे। बाइक को गांव का ही रहने वाला भोले सिंह चला रहा था। बहगुल नदी पुल से पहले पट्टी होटल के सामने अज्ञात वाहन की बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर लगने के बाद रंजीत उछलकर सड़क पर गिर गए। वाहन उन्हें कुचलते हुए गुजर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तीन भाइयों में रंजीत सबसे छोटे थे। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



