Shahjahanpur News: अरहर की दाल के साथ जीरे का तड़का भी महंगा
शाहजहांपुर। अरहर की दाल महंगी होने के साथ ही जीरा के दाम भी एक माह में चार गुना अधिक बढ़ गए हैं। साथ ही प्याज भी महंगा हो रहा है। दाल के तड़के में जीरा और प्याज की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। दाल के महंगे होने का असर आम लोगों पर भी पड़ रहा है।
अरहर की दाल एक माह पहले 120 रुपये प्रति किग्रा बिक रही थी। जोकि अब 145 रुपये की एक किग्रा बिक रही है। एक माह पहले जीरा की कीमत 200 रुपये प्रति किग्रा थी, जो बढ़कर 800 रुपये हो गई है।
चने एक माह पहले 120 रुपये प्रति किग्रा थे, जोकि अब 170 रुपये का एक किग्रा है। चने की दाल 65 रुपये प्रति किग्रा से 100 रुपये में पहुंच गई है। किराना व्यापारी प्रिंस गुप्ता ने बताया कि अरहर की दाल में इजाफा हुआ है। अन्य दालों में भी मामूली की बढोतरी हुई है, मसालों में जीरा सबसे ज्यादा महंगा हो गया है। जिसके चार गुना दाम बढ़े हैं।
प्याज के साथ कुछ सब्जियां भी महंगी
प्याज एक माह पहले 20 रुपये किग्रा था, जोकि अब 40 रुपये प्रति किग्रा है। परवल 40 रुपये प्रति किग्रा था जोकि 80 रुपये प्रति किग्रा हो गया है। खीरा 30 रुपये प्रति किग्रा था, जोकि 80 रुपये प्रति किग्रा हो गया है, शिमला मिर्च 80 रुपये किग्रा थी, जोकि अब 120 रुपये प्रति किग्रा है, हरी सेम नई फसल आई है, इसलिए वह 160 रुपये किग्रा और सोया साग 120 रुपये किग्रा में बिक रहा है। सब्जी विक्रेता सुनील कश्यप ने बताया कि जो नई सब्जियां आ रही हैं, वह महंगी हैं। प्याज की आवक कम है, इसलिए उसके दामों में भी उछाल आया है।

