Budaun News: अब नहीं चलेगी लेटलतीफी, शिक्षक टैबलेट पर लगाएंगे हाजिरी
बदायूं। बेसिक शिक्षा परिषद के लेटतलीफ शिक्षकों को अब अपना ढर्रा बदलना होगा। शासन ने जिले के 2155 स्कूलों को टैबलेट भेज दिए हैं। अब इन्हीं के माध्यम से रोजाना शिक्षकों की हाजिरी लगेगी। यदि कोई शिक्षक, अनुदेशक या शिक्षामित्र देरी से स्कूल आता है या पहले चला जाता है तो उसकी दिक्कतें बढ़ जाएंगी।
शिक्षा की नींव को मजबूत बनाने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। तमाम योजनाएं चलाई जा रही हैं। बच्चों को यूनिफॉर्म, बैग, जूता-मोजा आदि के लिए उनके खातों में धनराशि दी जा रही है। स्कूल में उन्हें मध्यान्ह भोजन भी दिया जा रहा है। इसके बावजूद शैक्षिक गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार नहीं आ पा रहा है। इसका कारण शिक्षको की लेटलतीफी को माना जा रहा है।
स्कूलों में शिक्षा का स्तर सुधरे और शिक्षकों की मनमानी पर रोक लगे, इसलिए जिले के 2155 विद्यालयों को टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं। इसके बाद सभी स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति सुबह आने और छुट्टी के बाद स्कूल से जाने के वक्त टैबलेट पर लगेगी। स्कूलों में टैबलेट्स आने की खबर के बाद से ही लापरवाह शिक्षकों में खलबली मची हुई है।
तब शासन स्तर से ही होगी कार्रवाई
बेसिक शिक्षा विभाग के अनुसार टैबलेट पर हाजिरी होने के बाद जो भी शिक्षक, अनुदेशक और शिक्षामित्र देर से स्कूल पहुंचेंगे, उनके खिलाफ शासन स्तर से ही कार्रवाई होगी। उनका पूरा डाटा विभागीय अधिकारियों के पास रोजाना पहुंचेगा।
वर्जन
सभी स्कूलों के लिए एक-एक टैबलेट उपलब्ध कराया जा रहा है। जल्द ही सभी स्कूलों का ये मुहैया करा दिए जाएंगे। इसके बाद में उसी पर उपस्थिति दर्ज की जाएगी। – स्वाति भारती, बीएसए