पीलीभीत

Pilibhit News: बीसलपुर-दियोरिया मार्ग पर शव रखकर परिजन ने लगाया जाम

Connect News 24

The family blocked the Bisalpur-Deoria road by keeping the dead body

बीसलपुर के दियूरिया हाईवे पर मकरंदापुर के पास जाम लगाये बैठे ग्रामीण । संवाद

बीसलपुर। खेत में तारों में करंट छोड़ने से हुई ग्रामीण की मौत के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो बृहस्पतिवार की सुबह गांव की महिलाओं ने बीसलपुर-दियोरिया मार्ग पर बसे गांव मकरंदापुर गांव के पास शव रखकर जाम लगा दिया। इस पर पुलिस ने खेत स्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका। इसके बाद परिजन ने शव का अंतिम संस्कार किया।

दियोरिया कोतवाली के गांव कामघाट निवासी जमुना देवी ने बताया कि उनके पति अमरपाल को बुधवार को छुट्टा जानवरों ने दौड़ाया। जान बचाने के लिए वह एक खेत में घुस गए। यहां की गई तार बंदी में करंट लगाया हुआ था, जिससे अमरपाल की मौत हो गई। बुधवार को ही कोतवाली में मामले की नामजद तहरीर दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को तो भेज दिया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की।

पोस्टमार्टम के बाद बुधवार देर रात शव घर वालों को सौंप दिया गया। इससे गुस्साए ग्रामीणों और परिजन ने बृहस्पतिवार की सुबह करीब आठ बजे अपने गांव के सामने से गुजर रहे बीसलपुर-दियोरिया हाईवे पर गांव मकरंदापुर के पास शव रखकर पुलिस के विरोध में जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर भाजपा विधायक विवेक वर्मा, पुलिस क्षेत्राधिकारी सतीश शुुक्ला और दियोरिया कोतवाल एमके शुक्ला मौके पर पहुंचे। इन लोगों ने धरना देकर जाम लगाए बैठी महिलाओं से बातचीत की।

महिलाओं ने अमरपाल की मौत के लिए खेत के मालिक को जिम्मेदार ठहराते हुए उसके विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। पुलिस क्षेत्राधिकारी के निर्देश पर दियोरिया पुलिस ने जमुना देवी की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। रिपोर्ट में खेत मालिक बीसलपुर निवासी पंकज, गौरव, सौरभ अग्रवाल (तीनों सगे भाई) और खेत के बंटाईदार दियोरिया कोतवाली के गांव मकरंदपुर निवासी गुरुमुख सिंह को नामजद किया गया है।

दियोरिया कोतवाल एमके शुक्ला ने जब धरना दे रही महिलाओं को रिपोर्ट की नकल लाकर दी तब महिलाओं ने धरना खत्म किया। धरना-प्रदर्शन के कारण करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कर किया। तब पुलिस ने राहत की सांस ली।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button