बरेली

Bareilly News: पीसीएस-प्री देने वालों की भी लगा दी मतगणना में ड्यूटी

Connect News 24

बरेली। पीसीएस-प्री 14 मई को है। परीक्षा में भाग लेने वाले कर्मचारियों, अधिकारियों और शिक्षकों की ड्यूटी 13 मई को होने वाली मतगणना में लगा दी गई। कई कार्मिकों ने कहा कि सचिव लोकसेवा आयोग के उस आदेश को दरकिनार करते हुए मतदान और मतगणना में ड्यूटी लगा दी गई, जिसमें आयोग ने स्पष्ट कहा है कि जिन कर्मियों को परीक्षा देनी है उन्हें ड्यूटी में न लगाया जाए। अब ड्यूटी कटवाने के लिए भागदौड़ करनी पड़ रही है।

विकास भवन में मंगलवार को सुबह से ऐसे आवेदक आए थे जिन्हें परीक्षा देने जाना है। आवेदकों ने आयोग के उस आदेश की प्रति अपने प्रार्थना पत्र के साथ संलग्न की है, जिसमें उन्हें ड्यूटी से अलग रखने के लिए कहा गया है। बिथरी चैनपुर विकास खंड के सहायक अध्यापक अंकित गुप्ता, आशुलिपिक केशव कुमार विश्नोई, पटवारगंज प्राइमरी विद्यालय के सहायक अध्यापक रवि भूषण ने सीडीओ कार्यालय में जाकर मतगणना ड्यूटी का आदेश दिखाया और पूछा कि अगर मतगणना की ड्यूटी करेंगे तो परीक्षा देने कैसे जा पाएंगे। इस पर कार्मिक का काम देख रही डीसी मनरेगा गंगाराम ने कहा कि परीक्षा देने जाएं। आयोग के आदेश का पालन होगा। ड्यूटी पहले ही लग गई थी तब किसी कर्मी ने यह नहीं बताया कि उसकी परीक्षा 14 मई को है।

फोटो

इनसेट-

कर्मचारी एक…ड्यूटी दो जगह

बरेली। भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय में तैनात लिपिक अतुल कुमार सक्सेना की ड्यूटी दो जगह लगाई गई है। पहली ड्यूटी मतगणना सहायक व दूसरी मतगणना पर्यवेक्षक की है। उनका सवाल यही है कि कौन सी ड्यूटी करें और कौन सी छोड़ देंं। इस संबंध में उन्होंने डीसी मनरेगा के कार्यालय में प्रार्थनापत्र दिया। इसमें कोई एक ड्यूटी लगाने का आग्रह किया गया है। ब्यूरो

दूसरी खबर
बीमारी का हवाला देकर ड्यूटी कटवाने के लिए पैरवी कर रहे कर्मचारी

अमर उजाला ब्यूरो

बरेली। बीमारी का हवाला देकर कर्मचारी ड्यूटी कटवाने के लिए पैरवी कर रहे हैं। हर रोज पांच से दस कर्मचारी विकास भवन में सीडीओ कार्यालय पर पहुंचते हैं। उनकी ओर से मनरेगा के डीसी को प्रभारी बनाया गया। वह प्रार्थनापत्रों का परीक्षण करने के बाद संस्तुति करते हैं। इसलिए मंगलवार को दफ्तर उनके कार्यालय के बाहर कई आवेदक ड्यूटी कटवाने के लिए खड़े थे। डीसी मनरेगा ने सबके प्रार्थनापत्र लिए और विचार करने का आश्वासन देकर लौटा दिया।

एलआईसी कर्मी श्याममोहन ने बताया कि उनके बड़े भाई 4 मई से अस्पताल में भर्ती है। उन्हें दिल्ली रेफर किया गया है। इसलिए उन्हें ड्यूटी से मुक्त किया जाए। पंजाब नेशनल बैंक की अलीगंज शाखा में कार्यरत शशांक सिंह राठौर को अपने पिता के इलाज के लिए 13 मई को लखनऊ जाना है। उन्होंने इसका जिक्र करते हुए ड्यूटी काटने का आग्रह किया है। नवाबगंज ब्लाक के हरहरपुर मटकली स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के कर्मचारी वीरेंद्र कुमार ने खुद के चिकित्सकीय अवकाश का हवाला देकर ड्यूटी से राहत मांगी है। न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के प्रबंधक एसपी सिंह ने अपने पत्र में कहा है कि उनके कार्यालय के कर्मचारी गोधनलाल, अभय कुमार, सुशील कुमार की ड्यूटी मतदान और मतगणना दोनों में लगा दी गई। वह चाहते हैं कि इनसे कोई एक ड्यूटी ही कराई जाए। आलमपुर जाफराबाद के गांव रुद्रपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक नरेंद्र कुमार ने हादसे में लगी चोट का हवाला देकर ड्यूटी काटने का आग्रह किया है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button