बरेली

Bareilly News: विभागीय जांच में बेनकाब होंगे लापरवाह पुलिसकर्मी

Connect News 24

बरेली। छात्रा को रेलवे ट्रैक पर फेंकने के मामले में रात के वक्त बरती गई लापरवाही में अभी और दोषी तय किए जाने हैं। एडीजी ने एसएसपी से उनका स्पष्टीकरण मांगने के साथ ही दूसरे दोषी तय करने की जिम्मेदारी सौंपी है।

मंगलवार रात सीबीगंज में छात्रा के साथ हुई घटना के मामले में आरोपी और उसके पिता को जेल भेजा जा चुका है। पुलिस एफआईआर के आधार पर ही आगे बढ़ा रही है। पीड़िता के स्वस्थ होने पर डॉक्टर की अनुमति के बाद ही उसका बयान दर्ज किया जाएगा। पुलिस के साथ ही मजिस्ट्रेट भी बयान दर्ज करेंगे और फिर इन्हीं बयानों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ेगी।

आरोप है कि घटना वाली रात इंस्पेक्टर पीड़ित परिवार से एक बार बात करने के बाद कमरे पर जाकर सो गए थे। वहीं, कोई दूसरा अधिकारी रात में मौके पर नहीं पहुंचा था। इस मामले में एडीजी ने बैठक बुलाकर नाराजगी जताई थी। अब उन्होंने लापरवाही के आरोपियों की जांच करने और रिपोर्ट सौंपने की जिम्मेदारी एसएसपी को दी है।

वर्जन

घटना की रात मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं गया। एसएसपी से इस बारे में स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही, दूसरे अधिकारियों के न जाने को लेकर जांच रिपोर्ट तलब की है। उस पर एक्शन लिया जाएगा। – पीसी मीना, एडीजी जोन

एएसपी स्तर के अधिकारी से जांच कराई जा रही है। निलंबित पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच का दायरा बढ़ाकर अन्य के स्तर पर हुई लापरवाही की रिपोर्ट भी तलब की है। यही रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। – घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी

छात्रा की हालत में सुधार, देखने पहुंचे सांसद व पूर्व विधायक

सीबीगंज। ट्रेन की पटरी पर फेंकी गई छात्रा की हालत में कुछ सुधार हुआ है। शनिवार दोपहर ड्रेसिंग के लिए छात्रा को वेंटिलेटर से हटाया गया पर हालत स्थिर रही। ड्रेसिंग के बाद उसे आईसीयू में ही रखा गया है। पर वेंटिलेटर की जरूरत देर शाम तक नहीं महसूस हुई। शनिवार सुबह भी छात्रा होश में रही। मगर उससे ज्यादा बातचीत करने से परिजन, स्टाफ को मना कर दिया गया। सांसद संतोष गंगवार, पूर्व विधायक पप्पू भरतौल व कश्यप सेना के लोग उसे देखने अस्पताल पहुंचे। परिवार को मदद का भरोसा दिलाया। सांसद ने कहा कि छात्रा के स्वस्थ होने के बाद उसे सरकारी नौकरी व अधिक से अधिक आर्थिक मदद दिलाने का प्रयास करेंगे। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button