बरेली

Bareilly News: बुखार पीड़ित 14 बच्चों सहित 26 लोग डेंगू की चपेट में

Connect News 24

बरेली। अब बच्चे भी डेंगू की चपेट में आने लगे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में भर्ती बुखार पीड़ित 14 बच्चों में डेंगू की पुष्टि हुई है। सभी बच्चों को देर शाम इमरजेंसी के डेंगू वार्ड में शिफ्ट कर जरूरी इलाज शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा 12 अन्य लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है।

स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक सोमवार को जिला अस्पताल में डेंगू संदिग्ध मरीजों के 188 सैंपल की जांच की गई। इसमें 14 बच्चों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। उनकी उम्र चार से 12 वर्ष के बीच है। इसके अलावा चार अन्य पॉजिटिव रहे। वहीं, निजी मेडिकल कॉलेज और लैबों की जांच में भी आठ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। देर शाम एडी एसआईसी डॉ. अलका शर्मा अस्पताल पहुंची। उन्होंने डेंगू पीड़ित बच्चों का हाल जाना। उनको डेंगू वार्ड में शिफ्ट कराया।

एडी एसआईसी के मुताबिक जिन बच्चों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली हैं, उनके परिजनों ने कुछ दिनों से तेज बुखार आने की जानकारी दी थी। बुखार की दवाएं दी गईं पर बेअसर होने पर डेंगू की जांच कराई गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। इलाज शुरू कर दिया गया है।

तीन सौ बेड अस्पताल में बनेगा 50 बेड का डेंगू वार्ड

डेंगू के बढ़ते मरीजों के चलते अब जिला अस्पताल के दोनों वार्ड फुल हो रहे हैं। ऐसे में मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए डीएम रविंद्र कुमार के निर्देश पर अब तीन सौ बेड अस्पताल में 50 बेड का डेंगू वार्ड बनाया जाएगा। बता दें कि इससे पहले स्वास्थ्य विभाग ने 16 बेड का डेंगू वार्ड बनाकर तैयार कर लिया था। जिला अस्पताल में बेड फुल होने पर तीन सौ बेड अस्पताल में मरीज भर्ती किए जाएंगे।

पिलाते रहें पानी-जूस

विशेषज्ञ के मुताबिक डेंगू पीड़ित बच्चों के लिवर में एंजाइम का लेवल काफी ज्यादा हो जाता है। ऐसे में जरूरी दवा के साथ अभिभावक उनको हाइड्रेटेड रखने के लिए पानी-जूस पिलाते रहें। बाहर की कोई दूषित सामग्री, फास्ट फूड न खिलाएं। बच्चों को मच्छरदानी में रखें ताकि और कोई चपेट में न आए। घर के पास पानी जमा न होने दें। पूरी आस्तीन के कपड़े पहनाएं। कीटनाशक का छिड़काव करें।

बच्चों में डेंगू के लक्षण

– बुखार 102 से 104 डिग्री फारेनहाइट पहुंचता है। बुखार की दवाएं बेअसर होती हैं।

– उल्टी, शरीर में चकत्ते, नाक, मसूड़ों से हल्का खून रिसना, तेज सिरदर्द।

– हाथ या पैर ज्यादा ठंडे हो जाएं तो तत्काल डॉक्टर को दिखाएं।

– रक्त संचार प्रभावित होने से आंखों के आसपास सूजन, पेट दर्द होता है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button