Shahjahanpur News: घोटाले के कारण 20 हजार बुजुर्गों की पेंशन अटकी
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 18 Oct 2023 12:57 AM IST
शाहजहांपुर। वृद्धावस्था पेंशन घोटाले की वजह से अभी तक 20 हजार से अधिक बुजुर्गों की पेंशन नहीं आई। विभाग के मुताबिक इन लोगों की अब तक केवाईसी नहीं हो पाई है जिन बुजर्गों के खाते से रकम निकालकर दूसरे खातों में भेजी गई थी, उनकी भी अभी पेंशन नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि उनकी पेंशन दीपावली के बाद आएगी। पेंशन घोटाले में मामले में एफआईआर दर्ज हुए एक माह से अधिक का समय हो गया है, लेकिन अभी तक संबंधितों से बयान नहीं लिए हैं।
समाज कल्याण विभाग में पेंशन घोटाले में 2390 बुजुर्गों के खातों की रकम निकालकर दूसरे खातों में भेजी गई थी जिसमें तत्कालीन समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार के डोंगल का इस्तेमाल किया गया था। इस मामले की जांच में राजेश कुमार दोषी पाए गए थे। उनको निलंबित कर दिया गया था। करीब एक माह पहले राजेश कुमार समेत नौ लोगों के खिलाफ जिला समाज कल्याण अधिकारी वंदना सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में अब तक मुकदमे में वादी वंदना सिंह के भी बयान नहीं हुए हैं और न ही इस मामले में अभी तक किसी भी दोषी की गिरफ्तारी हुई है।