Pilibhit News: आग से हजारों का नुकसान, जलकर दो बकरियां मरीं
आग बुझने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी के पहुंचने से लोगों में रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। बिजली लाइन में फाॅल्ट से सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर बुजुर्ग निवासी महेंद्र और उसके भाई नंदलाल के घर आग लग गई। आग में नकदी समेत हजारों रुपये का सामान, जेवरात, साइकिल, पंपिंग सेट का इंजन जल गया। आग में घिरने से दो बकरियों भी जलकर मर गईं।
दोनों सगे भाइयों के घर गांव के बाहर है। ग्राम प्रधान श्रीपाल ने बताया कि मंगलवार शाम करीब सात बजे दोनों भाइयों के घर आई बिजली की लाइन में फाॅल्ट से आग लग गई। आग बुझाने को गांव के कई लोग पहुंचे। फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता। इससे पहले दोनों भाइयों के घर में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर, चारपाई, बर्तन, साइकिल, पंपिंग सेट का इंजन, जेवरात और करीब 10 हजार रुपये की नकदी जलकर राख हो गई। आग बुझने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। प्रधान ने बताया कि आग की सूचना पर पहुंचे हल्का लेखपाल ने नुकसान का आकलन किया।