बदायूं

Budaun News: पोस्टमार्टम में हादसे की चोटों की नहीं हुई पुष्टि, सरियों से पीटकर हत्या की आशंका

Connect News 24

Injuries of the accident were not confirmed in the post-mortem, there is a possibility of death by beating with rods.

मृतक हीरालाल का फाइल फोटो।

उझानी (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र में फूलपुर-प्रमिलानगर संपर्क मार्ग पर सुनसान इलाके में पड़े मिले कासगंज के दो लोगों के शव का पुलिस ने शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम कराया। उनके शरीर पर जो चोटें मिली हैं, वह उनके सड़क हादसे में आने की पुष्टि नहीं हुई। चोटें धातु की किसी चीज के प्रहार से आने की आशंका जताई गई है।

दोनों लोगों के परिवार वाले भी हत्या की बात कह रहे हैं। उनका कहना है कि दोनों लोग सोरों जाने के लिए बाइक से निकले थे। उन्हें कोई या तो बंधक बनाकर कछला इलाके में ले गया या फिर किसी बहाने से उन्हें सुनसान संपर्क मार्ग पर ले जाया गया, जहां उनकी सरियों से पीटकर हत्या कर दी गई।

कासगंज जिले के सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला खंजी निवासी हीरालाल और ढोलना थाना क्षेत्र के गांव कुढ़ार निवासी इंद्रपाल के शव बृहस्पतिवार शाम उझानी कोतवाली क्षेत्र में फूलपुर-प्रमिलानगर संपर्क मार्ग पर पड़े मिले थे। पुलिस ने दोनों शव उस वक्त मोर्चरी में रखवा दिए थे। देर रात दोनों लोगों के परिवार वाले भी बदायूं पहुंच गए।

रक्षपाल ने बताया कि उनके भाई इंद्रपाल बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे घर से बाइक लेकर निकले थे। उस दौरान उनकी पत्नी दवा लेने जा रहीं थीं। उन्होंने इंद्रपाल से पूछा भी था कि वह कहां जा रहे हैं। इस पर उन्होंने केवल इतना कहा कि वह नगला खंजी तक जा रहे हैं। लौटने में देर हो सकती है।

सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला खंजी से उन्होंने हीरालाल को बाइक पर बैठाया और सोरों की ओर निकल गए। देर शाम परिवार वालों को उझानी पुलिस ने उनका शव मिलने की सूचना दी। तब वह परिवार वालों के साथ बदायूं पहुंचे। वह घटनास्थल पर भी गए, जहां कुछ लोगों ने बताया कि दोनों लोगों की सरियों से पीटकर हत्या की गई है। सबसे पहले ग्रामीणों ने ही उनके शव पड़े देखे थे। शरीर में सरियां घुसी हुईं थीं।

इंद्रपाल के शव से हीरालाल का शव करीब 30 मीटर दूर पड़ा था जबकि उनकी बाइक 50 मीटर दूर पड़ी थी। शुक्रवार दोपहर पुलिस ने दोनों शवों के पोस्टमार्टम कराए। प्रथम दृष्टया उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में एक्सीडेंटल चोटों की पुष्टि नहीं हुई है। माना जा रहा है कि उनकी सरियों से ही पीटकर हत्या की गई थी। बहरहाल उनके परिवार वालों ने दोनों शवों को अपने-अपने गांव ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया है।

झाड़ियों और घने वन से घिरा है फूलपुर-प्रमिला नगर संपर्क मार्ग

– कासगंज के दोनों लोगों के जिस जगह पर शव पड़े मिले थे, वह इलाका आसपास झाड़ियों और घने वन से घिरा हुआ है। कछला के नजदीक रोड किनारे फूलपुर गांव है। उधर से ही प्रमिला नगर गांव को जाते हैं। इस रोड का प्रमिला नगर गांव आखिरी है। उससे आगे कोई गांव नहीं हैं और उस गांव में ज्यादा घर भी नहीं है। केवल 20-25 घर हैं। यहां अन्य लोगों के आने-जाने का कोई मतलब भी नहीं है। कासगंज के दोनों लोगों की यहां कोई रिश्तेदारी या परिचित भी नहीं है। ऐसे में वह यहां कैसे पहुंचे, यह जांच का सबसे बड़ा विषय है।

भट्ठे पर ठेकेदारी करते थे इंद्रपाल

– इंद्रपाल के परिवार वालों ने बताया कि वह राजस्थान में भट्ठे पर काम करते थे। वह मजदूरों को भी भट्ठे पर ले जाते थे और ठेकेदारी के तौर पर उनसे काम कराते थे। कुछ दिन से इंद्रपाल गांव में ही थे। वह दिवाली बाद भट्ठे पर जाने वाले थे।

हीरालाल का जमीन को लेकर चल रहा है कुछ लोगों से विवाद

– हीरालाल के बेटे राजकुमार ने बताया कि उनका कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। हीरालाल के भतीजा खेमकरन कुछ मानसिक रूप से कमजोर है। आरोपियों ने उनको बहला-फुसलाकर जमीन का बैनामा करा लिया था। इसके बाद हीरालाल ने बैनामा निरस्त कराने के लिए मुकदमा दायर कराया था। तब से वह विवाद चला आ रहा है। हीरालाल के परिवार वालों ने उन्हीं लोगों पर हत्या करने की आशंका जताई है।

पुलिस ने दर्ज की हादसे की रिपोर्ट

उझानी कोतवाली पुलिस ने इस मामले की रिपोर्ट हादसे में दर्ज की है। इस पर इंद्रपाल के भाई रक्षपाल ने बताया कि उन्होंने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। कोतवाली में दरोगा ने खुद ही तहरीर लिखी थी। उनसे कहा था कि अभी हादसे की तहरीर दे दो, लेकिन उन्होंने तहरीर नहीं दी। हादसे में रिपोर्ट दर्ज होने से वह खुद हैरान हैं।

– कासगंज के दोनों लोगों के पोस्टमार्टम करा दिए गए हैं। इसकी छानबीन कराई जा रही है। अगर उनकी हत्या हुई है, तो उसके हिसाब से कार्रवाई होगी। सभी पहलुओं पर छानबीन की जाएगी। – शक्ति सिंह, सीओ उझानी

मृतक हीरालाल का फाइल फोटो।

मृतक हीरालाल का फाइल फोटो।

मृतक हीरालाल का फाइल फोटो।

मृतक हीरालाल का फाइल फोटो।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button