Pilibhit News: हाथियों ने तीन किसानों की गन्ने की फसल रौंदी, झोंपड़ी तोड़ी

गांव पिपरा मुजप्ता के समीप हाथियो ने तोड़ी झोपड़ी । स्रोत किसान
पूरनपुर। हाथियों के झुंड ने बृहस्पतिवार की रात फिर गांव पिपरा मुजप्ता के खेतों में पहुंचकर तीन किसानों की गन्ने की फसल रौंद दी। एक किसान के खेत में पड़ी झोंपड़ी भी तोड़ डाली। हाथियों के नियमित खेतों में पहुंचकर फसलों को खाने और नुकसान करने से किसानों में रोष है।
मैलानी के जंगल से निकले हाथी बृहस्पतिवार की रात फिर सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव पिपरा मुजप्ता के समीप खेतों में पहुंचे। हाथियों ने गांव निवासी गुड्डू, कोमल और गिरंद के गन्ने के खेतों में घुसकर फसल खाई और रौंदकर बर्बाद कर दी। गिरंद के खेत में पड़ी झोंपड़ी भी तोड़ डाली। रात करीब नौ बजे जंगल से निकलकर खेतों में पहुंचे हाथी सुबह तीन बजे तक खेतों में रहे।
हाथियों के खेतों में घुसकर नुकसान करने की जानकारी किसानों को शुक्रवार की सुबह आठ बजे के बाद खेतों में पहुंचने पर हुई। हाथियों की निगरानी कर रही टीम सूचना पर खेतों में पहुंची और नुकसान को देखा। निगरानी टीम का नेतृत्व कर रहे मैलानी रेंज के वन दरोगा राजाराम तिवारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को हाथियों के झुंड में अन्य हाथी भी शामिल हुए हैं।

