आने वाला समय महिलाओं का : आईजी

बीसलपुर के एसआरएम इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते आईजी डॉ.राकेश कुमार । संवाद
बीसलपुर। बरेली जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि आने वाला समय महिलाओं का है।
शुक्रवार को एसआरएम इंटर कॉलेज में आयोजित मिशन शक्ति के चौथे चरण के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि आईजी डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सुरक्षा के लिए विशेष कदम उठा रही है। महिलाओं सुरक्षा में कोई कोताही नहीं बरती जा रही। बोले- पहले पूरे जिले में बमुश्किल दो या तीन महिला पुलिसकर्मी ही हुआ करती थीं। अब प्रदेश के सभी थानों में लगभग 20,000 महिला पुलिसकर्मी तैनात हैं। पुलिस विभाग ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति यूनिट बना रखी है। यह यूनिट काफी अच्छे ढंग से कम कर रही है।
बतौर विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा ने कहा कि महिलाओं के साथ यदि राह चलते कोई अप्रिय घटना हो जाए तो वे अपने घर वालों को अवश्य बताएं। यदि वे लोग अपने साथ होने वाली घटनाओं की जानकारी घरवालों को नहीं देंगी तो समस्या और भी बढ़ सकती है। जरूरत पड़ने पर महिलाएं पुलिस की सहायता भी प्राप्त कर सकती हैं। उनका नाम-पता गोपनीय रखा जाएगा और उनकी समस्या का स्थायी निस्तारण किया जाएगा।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनिल यादव, उप जिलाधिकारी सचिन राजपूत, सीओ सिटी अंशु जैन, कॉलेज के प्रधानाचार्य राम प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष शशि जायसवाल, ममता गंगवार सुल्तान जहां आदि ने विचार रखे। इस मौके पर नगर के विभिन्न विद्यालयों से आईं छात्राओं ने मिशन शक्ति कार्यक्रम का महत्व झलकने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए।
इस मौके पर बालाजी गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने नगर में महिलाओं को जागरूक करने के लिए कॉलेज गेट से एक रैली निकाली। रैली को आईजी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रमुख मार्गों से गुजरने के बाद रैली दोबारा कॉलेज में आकर समाप्त हो गई। समारोह में मुख्य अतिथि ने जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति यूनिट में काम करने वाली महिला पुलिस कर्मियों, कॉलेज की महिला प्रधानाचार्य, शिक्षिकाओं और समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र दिए। इस मौके पर कॉलेज परिसर में पौधरोपण भी हुआ। मुख्य अतिथि ने एक पौधा लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

बीसलपुर के एसआरएम इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते आईजी डॉ.राकेश कुमार । संवाद

बीसलपुर के एसआरएम इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते आईजी डॉ.राकेश कुमार । संवाद

