बरेली

Bareilly News: लुभा रही राजकोट और मुंबई की जूलरी, वाहन बाजार में रौनक

Connect News 24

बरेली। त्योहारों का सीजन शुरू होते ही बाजार में रौनक छा गई है। नवरात्र में ही कारोबार में उछाल से आने वाले दिनों में ”मां की कृपा” बरकरार रहने के आसार हैं। अभी मुंबई, राजकोट की जूलरी, व कारों में एसयूवी लोगों को लुभा रही है। उधर, रजिस्ट्री के लिए भी कतार लग रही है।

पितृपक्ष में ठंडे पड़े रियल एस्टेट कारोबार की सुस्ती नवरात्र में दूर हुई है। जमीन, मकान की रजिस्ट्री करीब 30 फीसदी तक बढ़ गई है। अब तक निबंधन विभाग को स्टांप ड्यूटी व रजिस्ट्री शुल्क के रूप में करीब सात करोड़ रुपये से ज्यादा की आय हुई है। नवरात्र समाप्त होने तक आंकड़ा दस करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है। शनिवार को रजिस्ट्री ऑफिस में सौ से ज्यादा रजिस्ट्री हुईं। कतार के चलते अधिकारी दिनभर कार्यालय में ही डटे रहे। सब रजिस्ट्रार प्रथम के मुताबिक आम दिनों में जहां 60 रजिस्ट्री होती थीं, अब 80-90 तक हो रही हैं।

हल्की जूलरी की मांग ज्यादा

सराफा बाजार में अब आभूषणों की खनक सुनाई देने लगी है। सराफा मार्केट हो या फिर ब्रांडेड शोरूम, सभी ने ग्राहकों को लुभाने के लिए तैयारी कर रखी है। कोई दस ग्राम सोने की खरीदारी पर बनवाई की छूट दे रहा है तो कोई गिफ्ट वॉउचर। फिलहाल हर शोरूम संचालक इस नवरात्र को भुनाने में जुटे हैं। इधर, ग्राहक सोने की बढ़ती कीमतों के चलते 22 कैरेट के बजाय 18 कैरेट और कम वजन की जूलरी खरीद रहे हैं।

सहालग के सीजन का दिख रहा है प्रभाव

सराफा कारोबारियों के मुताबिक आभूषणों की बढ़ी हुई मांग की दो वजहें हैं। पहला सहालग सीजन और दूसरा सोने के बढ़ते दाम। शुभ मुहूर्त में सोने की खरीदारी से समृद्धि बढ़ती है। उधर, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध के चलते सोने के भाव बढ़ने की आशंका से भी खरीदारी हो रही है। इसमें अंगूठी, सेट, चेन, ब्रेसलेट, मांग टीका, नथ की खरीदारी ज्यादा है।

ई-कार की मांग ज्यादा पर स्टॉक सीमित

कार शोरूम संचालकों के मुताबिक बाजार में सामान्य तौर पर हर तरह के वाहनों की मांग है पर इलेक्टि्रक, हायब्रिड और सीएनजी कारों की मांग ज्यादा है। इलेक्टि्रक कारों की कीमत ज्यादा है और आपूर्ति में देरी की वजह से कई ग्राहक निराश हो रहे हैं। हायब्रिड की भी मांग ज्यादा है पर आपूर्ति सीमित। ऐसे में सीएनजी, पेट्रोल कारों की बिक्री ज्यादा है। सहालग के चलते छोटी कारों की बुकिंग सबसे ज्यादा हो रही है।

फोटो : कारोबारियों से बातचीत

सोने की कीमत में अस्थिरता से मांग पर फर्क नहीं पड़ा। पर वजन से लोग समझौता कर रहे हैं। इसलिए हल्की जूलरी की मांग ज्यादा है। – ऋषभ अग्रवल, मेगा ज्वेल्स

बीते साल से इस बार का मार्केट अच्छा है। अब शादी-विवाह के लिए भी खरीदारी हो रही है इसलिए बाजार में उछाल है। – संजय अग्रवाल, राम कुमार अग्रवाला ज्वेलर्स

बाजार में अभी थोड़ा सा ही उछाल आया है। हालांकि, जैसे-जैसे त्योहार नजदीक आएंगे, कारोबार में बढ़त की संभावना है। – अमित अग्रवाल, मेगा हाइट्स

रियल एस्टेट के लिए नवरात्र पर मां की कृपा रहती है। पूर्व की बुकिंग का गृह प्रवेश हो रहा है। नए आवास खरीदने के लिए लोग संपर्क कर रहे हैं। – शुभम रस्तोगी, खन्ना अपार्टमेंट

कारों की नई रेंज से ज्यादा सहालग के लिए खरीदारी हो रही है। इसमें पेट्रोल, सीएनजी संचालित फैमिली कार की खरीदारी हो रही है। – अजय अग्रवाल, कोरल मोटर्स

नई रेंज में हायब्रिड कारों की मांग ज्यादा है पर कंपनी से उनकी आपूर्ति सीमित है। कारों की खरीद पर कंपनी से कई ऑफर भी मिल रहे हैं। – अमित मनोहर, कॉमर्शियल टोयोटा


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button