Shahjahanpur News: शाम को निरीक्षण करने पहुंचे सीएमओ, गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई

कटरा-खुदागंज सीएचसी में निरीक्षण करते सीएमओ डॉ.आरके गौतम। स्रोत-स्वास्थ्य विभाग
शाहजहांपुर। रावण दहन के दृष्टिगत किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मंगलवार को सीएमओ डाॅ. आरके गौतम ने दो सीएचसी का निरीक्षण किया। तिलहर के अस्पताल में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई। वहीं एसीएमओ डॉ.आसिफ ने छापामार कार्रवाई करते हुए दो डॉक्टरों को नोटिस जारी किए हैं।
सीएमओ डॉ.आरके गौतम ने शाम करीब सात बजे तिलहर सीएचसी का निरीक्षण किया। उन्हें डॉ. आयुष्मान तिवारी व स्टाफ मौजूद मिले। वार्ड में चार महिलाएं भर्ती थीं। दो मरीज पेट के दर्द से पीड़ित पाए गए। सीएमओ ने अस्पताल परिसर में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद कटरा-खुदागंज सीएचसी में निरीक्षण में डॉ.इरफान अली से सतर्क रहने के निर्देश दिए। इधर, एसीएमओ डॉ.आसिफ ने रौसर कोठी में होम्योपैथ की वर्मा क्लीनिक पर छापा मारा। डॉ.आसिफ ने बताया कि क्लीनिक में एलोपैथ की दवाएं दी जा रहीं थीं। इसी तरह राजधानी अस्पताल में एमबीबीएस डॉक्टर अवकाश पर हाेने के चले ईएमओ ड्यूटी पर मिले। दोनों को नोटिस जारी किया गया है। राजधानी अस्पताल को बिना एमबीबीएस डॉक्टर के नहीं चलाने के निर्देश दिए गए।
1885 मरीजों का परीक्षण किया : सीएचसी-पीएचसी में वेक्टरजनित बीमारियों को देखते हुए 1885 मरीजों का उपचार किया गया। इस दौरान 169 मरीजों की स्क्रीनिंग में कोई भी मलेरिया व डेंगू का रोगी नहीं मिला।
सीएमओ डॉ. आरके गौतम ने बताया कि स्वास्थ्य इकाइयों पर 60 मरीज भर्ती थे। 13 मरीजों की हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया।

