Budaun News: श्रीराम-भरत मिलाप देख छलके दर्शकों के आंसू

सराफा बाजार में भरत,बशिष्ठ और शत्रुधन की भूमिका निभाते कलाकार। संवाद
बदायूं। रामलीला महोत्सव कमेटी की ओर से बुधवार को भरत मिलाप का आयोजन किया गया। सराफा बाजार में भगवान श्रीराम, भरत से गले मिले। तो वहां मौजूद श्रद्धालुओं की आंखों में आंसू छलक आए। बाजार में भीड़ के मद्देनजर पुलिस की भी व्यापक व्यवस्था रही।
शहर में श्रीरामलीला महोत्सव कमेटी की ओर से रामलीला का आयोजन किया गया जा रहा है। इसके तहत बुधवार को भरत मिलाप कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें भगवान श्री राम, माता सीता, हनुमान जी के साथ नवाब नौबत राय मंदिर से होते हुए भरत मिलाप गली पहुंचे। वहां के बाद सराफा बाजार में भरत मिलाप कार्यक्रम का मंचन कलाकारों द्वारा किया गया।
इस दौरान राम और भरत की दो शोभायात्रा निकाली गईं, जिसमें झांकियां और काली अखाड़े भी शामिल रहे। एक जगह जाकर दोनों यात्राओं का मिलन हुआ और दोनों भाई गले मिले। मिलन के बाद रामलीला कलाकारों की टीम रामलीला मैदान पहुंची। रात में यहां धार्मिक नाटक का मंचन किया गया।


