Shahjahanpur News: खेत की रखवाली करने गए किसान की संदिग्ध हालात में मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sat, 28 Oct 2023 12:48 AM IST
शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र के वैदापुर निवासी सत्यपाल (42) की खेत में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव शुक्रवार सुबह चारपाई के नीचे पड़ा मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बृहस्पतिवार शाम सत्यपाल अपने खेत में धान की फसल की रखवाली करने के लिए गए थे। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे उनका बेटा सुमित चाय लेकर खेत पर पहुंचा तो उनका शव चारपाई के नीचे पड़ा मिला। सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। सीओ सदर अमित चौरसिया और फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। परिजन ने किसी से रंजिश से इन्कार किया है। सत्यपाल अपने पीछे पत्नी बिट्टो, तीन पुत्र व एक पुत्री को छोड़ गए हैं। पुलिस के अनुसार, सत्यपाल टीबी से ग्रस्त थे। सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
