Rampur News: छात्रों से पहले गुरुजी बनेंगे भाषा व गणित में निपुण
रामपुर। बेसिक स्कूलों में कक्षा एक से तीन तक के बच्चाेें को गणित व भाषा में निपुण बनाया जाएगा। इसके लिए पहले गुरुजी को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसके बाद छात्र-छात्राओं को गणित व भाषा में निपुण बनाया जाएगा। प्रयागराज में प्रशिक्षण लेकर आए मास्टर ट्रेनर जिले के सभी एआरपी को प्रशिक्षण देंगे। एआरपी प्रशिक्षण लेने के बाद ब्लाकों में शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशकों को प्रशिक्षण देंगे। जिससे कि कक्षा एक, दो व तीन में पढ़ने वाले बच्चों को गणित व भाषा में निपुण बनाया जा सके।
प्रयागराज से पांच मास्टर ट्रेनर जिले में प्रशिक्षण लेकर लौटे हैं। यह मास्टर ट्रेनर जिले के समस्त एआरपी को छह नवंबर से डायट परिसर में प्रशिक्षण देंगे। एआरपी प्रशिक्षण लेने के बाद स्कूलों में पढ़ाने वाले सहायक अध्यापकों को ब्लाकों पर प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण लेने के बाद अध्यापक अपने ब्लाकों में शिक्षा ले रहे बच्चों को भाषा और गणित में निपुण करेंगे। इसके लिए विभाग को शासन से पत्र जारी हो चुका है। शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए शासन से बजट भी जारी हो गया है।
एक शिक्षक पर एक दिन में 170 रुपये खर्च किए जाएंगे। खर्च की धनराशि निर्धारित हो गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि जिले के बेसिक स्कूलों में कक्षा एक, दो व तीन के बच्चों को गणित व भाषा में निपुण किया जाएगा। प्रयागराज से लौटे पांच मास्टर ट्रेनर समस्त एआरपी को छह नवंबर से डायट पर प्रशिक्षण देंगे। एआरपी बाद में शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे।
शिक्षण कार्य के तौर तरीके सिखाए जाएंगे
डायट परिसर में छह, सात, आठ व नौ नवंबर को मास्टर ट्रेनर एआरपी को प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण उपरांत 11 नवंबर से एआरपी बीआरसी पर स्कूलोें में कार्यरत शिक्षकों को निपुण के संबंध में प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण में लखनऊ से आई शिक्षक संदर्शिका के आधार पर निपुण भारत लक्ष्यों को पूरा करने के लिए शिक्षण कार्य के तौर-तरीके के बारे में बताया जाएगा।


