Pilibhit News: संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप
दो दिन पूर्व ससुराल में पिटाई का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वाले पिटाई से मौत होना बता रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना दियोरिया क्षेत्र के गांव बसेंगा निवासी शान शाह ने बताया कि उन्होंने अपनी मौसरे बहन सेठानी का निकाह थाना बीसलपुर क्षेत्र के गांव चंदपुरा निवासी पटवारी से 20 वर्ष पूर्व किया था। ससुराल पक्ष के लोग उसके बहन से आए दिन रुपयों की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करते थे। जिसके बारे में कई बार उसकी बहन ने उसे बताया था।
दो दिन पूर्व उसके पति पटवारी ने उसके साथ मारपीट की। जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद परिजनों ने उसे पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर उसे बरेली के रेफर कर दिया गया।
शुक्रवार रात बरेली ले जाते समय उसकी रास्ते ही मौत हो गई। जब परिजनों ने मामले की जानकारी करनी चाही, तो उन्होंने उसे कोई सही जानकारी नहीं दी। जब वह लोग गांव पहुंचे तो देखा कि उसकी बहन मर चुकी है। इसके बाद मामले की बीसलपुर थाने में दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

