Pilibhit News: डेंगू से मौत के बाद परसिया गांव में लगा स्वास्थ्य शिविर

बीसलपुर के गांव परसिया में आयोजित शिविर में की गई जांच । स्रोत – स्वास्थ विभाग
बीसलपुर। गांव परसिया में सरकारी कर्मचारी की संभावित डेंगू से मौत होने के बाद विभाग ने माना कि गांव में बुखार फैला हुआ है। इसके बाद रविवार को गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया।
परसिया निवासी पकड़िया मंगली साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष निरमेश भारती ने बताया कि उनके गांव में पिछले एक पखवाड़े से बुखार फैला हुआ है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के स्थानीय अधिकारियों को उसी समय गांव में बुखार फैलने की सूचना दी थी, लेकिन स्वास्थ्य विभाग वालों ने कोई ध्यान नहीं दिया। 28 अक्तूबर को गांव निवासी पंचायत विभाग के सफाई कर्मचारी शांति स्वरूप की संभावित डेंगू से मौत हो गई। तब स्वास्थ्य विभाग ने माना कि गांव में वास्तव में बुखार फैला हुआ है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को गांव में शिविर लगाकर बुखार पीड़ितों की जांच की। शिविर में 102 मरीजों की जांच हुई। शिविर प्रभारी डॉ. पराग अग्रवाल ने बताया कि जांच में बुखार का कोई गंभीर मरीज नहीं पाया गया। सभी मरीज साधारण रूप से पीड़ित पाए गए, जिन्हें दवाई दे दी गई है। संवाद

