बरेली

महंगाई : टमाटर में घुली मिठास, अब रुलाने लगा प्याज

Connect News 24

बरेली। बीते दिनों टमाटर पर छाई महंगाई अब काफी हद तक कम हो चुकी है। अब प्याज की बढ़ती कीमतें जेब पर भारी पड़ रही हैं। फुटकर बाजार में प्याज की कीमत 40-60 रुपये तक जा पहुंची है। आगामी सप्ताह में कीमतें 80 रुपये तक पहुंचने की आशंका है।

डेलापीर स्थित सब्जी मंडी के आढ़ती शुजा उर रहमान के मुताबिक प्रदेश में प्याज का उत्पादन प्रभावित रहा। लिहाजा, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से प्याज की आपूर्ति हो रही थी। अब इसका स्टॉक कम होने लगा है। वहीं, जो आपूर्ति हो रही है, उसकी कीमतें बढ़ गई हैं। ऐसे में फुटकर कारोबारियों को बढ़े दाम पर ही प्याज की खेप उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने प्याज की नई फसल बाजार में पहुंचने तक हर दिन कीमतों में बढ़त की आशंका जताई है। करीब 20 दिन बाद दाम फिर से सामान्य होने की उम्मीद है।

10 दिन में ही दोगुनी हुईं कीमतें

डेलापीर मंडी के आढ़ती सलीम खां के मुताबिक 10 दिन पहले तक प्याज की कीमत 20 से 25 रुपये तक थी, जो अब 50 रुपये तक पहुंच गई है। कहा कि महंगाई की मार जब आढ़तियों पर पड़ रही है तो फुटकर विक्रेता उसे और ऊंची कीमत में बेच रहे होंगे।

अन्य सब्जियों की कीमतों में भी उछाल

दस दिन पहले भिंडी 15 से 20 रुपये प्रति किलो बिक रही थी जो अब 22-25 रुपये में बिक रही है। आलू पुराना दस से 15 रुपये, नया आलू 20 से 25 रुपये, तुरई 20 से 25 रुपये, अरवी 35 से 55 रुपये, मिर्च 40 से 50 रुपये, धनिया 50 से 80 रुपये, लौकी 10 से 15 रुपये, शिमला मिर्च 40 से 55 रुपये, परवल 35 से 50 रुपये, मटर 80 से 100 रुपये और सेम 45 से 55 रुपये प्रति किलो जा पहुंची है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button