बरेली

Bareilly News: पार्लर में बहार, चूड़ियों वाली गली भी गुलजार

Connect News 24

बरेली। करवाचौथ की आहट से पार्लरों में बहार आ गई है। आभूषण बाजार की चमक और चूड़ियों की खनक भी बढ़ गई है। सुहागिनों के त्योहार को भुनाने के लिए बाजार ने पहले से ही सोलह शृंगार कर लिया है। हालांकि, पति की दीर्घायु के लिए समर्पित करवाचौथ का व्रत दो दिन बाद है, लेकिन ब्यूटी पार्लरों में अभी से कतार लग रही है। महिलाओं में मेहंदी लगवाने का खासा क्रेज है। इसको लेकर एडवांस बुकिंग भी हो रही है। साड़ियों व लहंगों की बिक्री भी बढ़ गई है।

इस बार भी बाजार में डिजाइनर साड़ियां, गुजराती हस्तकला से सजे करवे, चूड़ियों से लेकर काॅस्मेटिक के नियॉन शेड्स उपलब्ध हैं। राजेंद्रनगर, कुतुबखाना, बड़ा बाजार, आलमगिरीगंज, गली मनिहारान, शास्त्री मार्केट, सुभाषनगर, सिविल लाइंस, बिहारीपुर ढाल, किला बाजार में महिलाएं और युवतियां मनपसंद सामग्री की खरीदारी के लिए पहुंच रही हैं। वहीं, पूजा की थाल सजाने के लिए सामग्री की खरीदारी रविवार से शुरू हो गई। अवकाश के चलते बाजार में भीड़भाड़ दिखी।

पीतल की थाली, सजावटी करवे की मांग

करवाचौथ पर पूजा के लिए स्टील, पीतल, तांबा और कांसा के सजावटी करवे और लोटे की मांग ज्यादा है। मिट्टी के सादे करवों के साथ पीतल के करवों की भी बिक्री का दावा कारोबारी कर रहे हैं। फूल विक्रेताओं से नंबर मांगे जा रहे हैं, ताकि करवाचौथ पर सुबह ही एडवांस बुकिंग कराकर ताजे फूल मंगाए जा सकें।

ब्यूटी पार्लर में बंपर बुकिंग, मेहंदी निशुल्क

पार्लर संचालकों ने एक से बढ़कर एक ऑफर दिए हैं। कुछ बड़े शोरूम ने 25 से 30 फीसदी तक की छूट दी है। ज्यादातर नामी लेडीज सैलून में मेहंदी निशुल्क रचाने का ऑफर दिया है। इसमें वैक्सिंग, थ्रेडिंग, हेडवॉश एंड ब्लोड्राई, हेड मसाज आदि के लिए अलग से तीन से छह हजार और कुछ सैलनू में दस हजार का पैकेज भी है।

कुंदन और लाख की चूड़ियां बनी पहली पसंद

सराफा कारोबारियों के मुताबिक करवाचौथ पर कुंदन रजवाड़ा, अमेरिकन डायमंड, लाख की चूड़ियां पहली पसंद होती हैं। इनकी कीमत 400 रुपये से शुरू है। अमेरिकन डायमंड करीब 450 रुपये और लाख की चूड़ी 150 रुपये से शुरू हैं। जोधपुरी पायल और बिछिया के साथ चांदी के करवे की भी मांग हो रही है। हल्की ज्वेलरी ही महिलाओं को भा रही है।

सजना के नाम से आज-कल रचाएंगी मेहंदी

मेहंदी रचाने के लिए नॉवेल्टी चौराहा, पटेल चौक, बड़े शॉपिंग शोरूम के बाहर कलाकारों की संख्या बढ़ने लगी है। राजेंद्र नगर के मेहंदी रचाने वाले कासगंज के रामू ने बताया कि करवाचौथ पर सहयोग के लिए 15 साथियों को बुलाया है। क्योंकि एक महिला को मेहंदी लगाने में करीब 15 मिनट लगते हैं। ऐसे में अन्य ग्राहकों को इंतजार न करना पड़े, इसलिए लोग बुलाए हैं।

महिलाओं के लिए आकर्षक पैकेज उपलब्ध

करवाचौथ पर महिलाओं को निखारने के लिए पैकेज पर करीब 25 फीसदी तक की छूट दी गई है। मनपसंद पैकेज के लिए एडवांस बुकिंग भी हुई हैं। – गुंजन, गीतांजलि स्टूडियो, सिविल लाइंस

– मेकअप की श्रेणियों में आकर्षक पैकेज दिए हैं। करवाचौथ से एक दिन पहले और उसी दिन के लिए बुकिंग सबसे ज्यादा हैं। मेहंदी हेड मसाज कॉम्पलीमेंटरी है। – सौम्या गंगवार, एचएम सैलून

– करवाचौथ पर ज्यादातर हल्की ज्वेलरी की बिक्री होती है। इसमें रिंग, झुमके, नोज रिंग, चेन आदि शामिल हैं। इसका स्टॉक भरपूर है। एडवांस बुकिंग भी हैं। – मोहित आनंद, एचएसजे ज्वेलर्स

– ज्वेलरी की खरीद पर लाइफटाइम वारंटी दी जा रही है। अभी जिस रेट पर खरीदेंगे, उसे कभी भी बदलकर या वापस कर दस फीसदी कटौती के साथ रकम दी जाएगी। – उदित गोयल, किशना ज्वेलर्स

– नई डिजाइन की आकर्षक रेंज में साड़ियों के कलेक्शन महिलाओं को भा रहे है। ज्यादातर तीन से लेकर दस हजार तक की रेंज में साड़ियों की बिक्री हो रही है। – जितेश गुप्ता, साड़ी संसार

सुयोगों के संगम में शिव देंगे अखंड सौभाग्य का वरदान

-करवा चौथ पर शिव योग मृगशिरा नक्षत्र और बुधादित्य योग का रहेगा संगम

संवाद न्यूज एजेंसी

बरेली। इस बार करवाचौथ कई शुभ संयोगों के साथ मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्य पं. मुकेश मिश्रा के मुताबिक इस दिन शिव योग, मृगशिरा नक्षत्र और बुधादित्य योग का संगम रहेगा। शिव योग शिव को समर्पित, मृगशिरा नक्षत्र मंगल को समर्पित, बुधादित्य योग यश और ज्ञान का प्रतीक माना गया है। इन योगों की त्रिवेणी से पर्व का महत्व हजारों गुना बढ़ गया है।

कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष में चतुर्थी (एक नवंबर) को मनाए जाने वाले इस त्योहार पर सुहागिन महिलाएं पति की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य की प्राप्ति के लिए निर्जला व्रत रखती हैैं। रात में चंद्र दर्शन और अर्घ्य देकर व्रज खोलती हैं। चतुर्थी तिथि 31 अक्तूबर की रात 09:29 बजे से ही शुरू हो जाएगी और एक नवंबर को रात 9:18 बजे तक रहेगी।

यह पर्व चंद्रोदय व्यापिनी चतुर्थी तिथि में मनाया जाता है। ऐसे में इस दिन चंद्रमा भी रात्रि 8:06 बजे पर उदय होगा। चंद्रमा को अर्घ्य देकर महिलाएं व्रत खोलेंगी। सूर्योदय से पहले स्नान आदि करके व्रत रखने का संकल्प लें। फिर मिठाई, फल और पूड़ी की सरगी ग्रहण कर व्रत शुरू करें। संपूर्ण शिव परिवार और श्रीकृष्ण की स्थापना करें। इस बार देवाधिदेव महादेव की कृपा से सुहागिनों को अखंड सौभाग्य का वरदान प्राप्त होगा।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button