रामपुर

Rampur News: कार्यों में लापरवाही पर महिला अस्पताल की सीएमएस का वेतन रोका

Connect News 24

रामपुर। मुख्य विकास अधिकारी नंद किशोर कलाल की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की बिन्दुवार समीक्षा की गई। कार्यों में लापरवाही बरतने पर महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. अभिलाषा मिश्रा का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

बैठक में जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के भुगतान की समीक्षा के दौरान पाया गया कि अधिकतम स्वास्थ्य केंद्रों द्वारा शत-प्रतिशत भुगतान किया गया है। टांडा का जननी सुरक्षा योजना का भुगतान कम पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देशित किया कि समय से लाभार्थियों का भुगतान शत-प्रतिशत करना सुनिश्चित करें। जिला महिला अस्पताल में माह सितंबर के सापेक्ष माह अक्टूबर में प्रसव की कमी पाई गई। जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने समस्त एमओआईसी, बीडीओ एवं अन्य सभी संबंधित अधिकारियों को वीएचएनडी सेशन पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

गर्भवती एवं बच्चों की एंट्री आरसीएच पोर्टल की समीक्षा करते हुए पाया गया कि स्वार एवं शाहबाद की फीडिंग सबसे कम थी, जिस पर उन्होंने समस्त संबंधित को निर्देशित किया कि आरसीएच पोर्टल पर तीन दिन के अंदर शत-प्रतिशत फीडिंग कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने समस्त एमओआईसी को प्रति ब्लाक प्रतिदिन एक हजार गोल्डन कार्ड बनाए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य में समस्त बीडीओ का भी सहयोग लिया जाए।

सीआरएस पोर्टल पर जन्म पंजीकरण का प्रतिशत अत्याधिक कम पाया गया। जिसमें महिला अस्पताल में मात्र 52 प्रतिशत ही जन्म पंजीकरण हुआ है, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने सीएमएस एवं समस्त एमओआईसी का वेतन रोकने के आदेश किया। कहा कि वेतन तभी आहरित किया जाए जब इनके द्वारा बीएचएसएनसी में शत-प्रतिशत व्यय पूर्ण कर लिया जाए। बैठक में सीएमओ डॉ. एसपी सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जैन, जिला पंचायत राज अधिकारी जाहिद हुसैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button