Bareilly News: सहायक प्रोफेसर ने बीएड छात्र को स्केल पीटा, थप्पड़ जड़े
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Wed, 01 Nov 2023 02:09 AM IST
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के बीएड विभाग में मंगलवार को सहायक प्रोफेसर ने छात्र को थप्पड़ जड़ दिए और स्केल से पिटाई कर दी। छात्रों के इकट्ठे होने पर अन्य प्रोफेसरों ने मामला शांत कराया।
शाहजहांपुर निवासी बीएड द्वितीय वर्ष के छात्र ने बताया कि वह कक्षा में शिक्षण गतिविधि करवा रहा था। वहां मौजूद जेआरएफ (जूनियर रिसर्च फैलोशिप) उससे शिक्षण सामग्री (टीएलएम) के बारे में पूछ रहे थे। उसने सामग्री लाना भूल गया है। तभी वहां एक सहायक प्रोफेसर आए और उन्होंने टिप्पणी की कि तुम खुद को घर पर क्यों नहीं भूल आए। छात्र ने अपनी गलती स्वीकारते हुए सामग्री अगले दिन ले आने की बात कही।
शर्ट का बटन खुला होनेे पर पूछा तो छात्र ने कहा कि शाम को टेलर से सही करवा लेगा। शिक्षक ने कहा कि ड्रेस ठीक नहीं है, तो कल से मत आना और अगर पैसों की दिक्कत है तो कहीं जाकर मजदूरी कर लो। इसके बाद उन्होंने छात्र की पिटाई कर दी। पीड़ित छात्र साथियों के साथ शिकायत करने जाने लगा तो अन्य प्रोफेसर ने उसे समझाकर बैठा दिया। आरोपी सहायक प्रोफेसर का कहना है कि आरोप बेबुनियाद हैं। पिटाई नहीं की, अनुशासन में रहने की हिदायत दी थी। संवाद



