Budaun News: पांच तस्कर गिरफ्तार, 2.1 किलो अफीम बरामद
वजीरगंज। थाना पुलिस ने पांच तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2.1 किलोग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने तस्करों की एक कार और दो बाइक भी कब्जे में ले ली हैं। पकड़े गए लोगों में चार विक्रेता और एक खरीदार है।
मंगलवार रात करीब 12 बजे पुलिस को सूचना मिली कि ब्योली गांव के पास कुछ तस्कर कार से अफीम लेकर आ रहे हैं। इस पर इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने पुलिस बल के साथ बताए गए स्थान के आसपास घेराबंदी कर ली। जैसे ही कार व दो बाइकें वहां आकर रुकीं, पुलिस ने उन पर सवार सभी पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके पास से 2.1 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।
पुलिस की पूछताछ में तस्करों ने अपना नाम सुरेश निवासी ग्राम नधौलिया, हरिओम सिंह, सचिन, विपिन निवासी ढकिया थाना बिनावर बताया। उन्होंने बताया कि वे लोग पूरनलाल निवासी ग्राम लभारी थाना सिरौली, बरेली को अफीम बेचने आए थे। वे रात दो बजे से सुबह चार बजे के बीच अफीम बेचने के लिए निकलते हैं, क्योंकि उस समय पुलिस नही मिलती है। बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कर सभी को जेल भेज दिया गया।