Shahjahanpur News: पांच दिन में संपन्न होंगी अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं
शाहजहांपुर। जिले के परिषदीय विद्यालयों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं चार नवंबर से शुरू होंगी। ये परीक्षाएं दो पालियों में संपन्न कराई जाएंगी। पहली पाली सुबह साढ़े नौ से साढ़े 11 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर साढ़े 12 बजे से ढाई बजे तक रहेगी। अर्द्धवार्षिक परीक्षा को लेकर बीएसए रणवीर सिंह ने समय-सारिणी जारी कर दी है। प्रधानाध्यापकों को तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
समय-सारिणी के अनुसार चार नवंबर को प्रथम और द्वितीय पाली में कक्षा एक की मौखिक परीक्षा, कक्षा दो से पांच तक सभी विषयों की मौखिक परीक्षा होंगी। कक्षा छह, सात और आठ में प्रथम पाली में बेसिक क्राफ्ट, कला, कृषि, गृह शिल्प और द्वितीय पाली में खेल एवं शारीरिक शिक्षा, स्काउटिंग की परीक्षाएं होंगी। छह नवंबर को कक्षा दो और तीन के गणित विषय का पेपर प्रथम पाली में होगा। कक्षा तीन का संस्कृत, उर्दू का पेपर दूसरी पाली में होगा। कक्षा चार, पांच और छह के हिंदी का पेपर प्रथम पाली और संस्कृत, उर्दू का पेपर द्वितीय पाली में होगा। कक्षा सात और आठ का विज्ञान पेपर प्रथम और संस्कृत, उर्दू का पेपर द्वितीय पाली में कराया जाएगा। सात नवंबर को कक्षा तीन के हिंदी, कक्षा चार, पांच, छह, सात और आठ के सामाजिक विषय का पेपर प्रथम और कक्षा दो से आठ तक के अंग्रेजी विषय का पेपर द्वितीय पाली में संपन्न होगा। आठ नवंबर को कक्षा दो के हिंदी विषय, कक्षा तीन के सामाजिक विषय, कक्षा चार से आठ के अंग्रेजी विषय का पेपर प्रथम पाली, कक्षा तीन से आठ तक के कला एवं संगीत विषय के पेपर द्वितीय पाली में होंगे। नौ नवंबर को कक्षा तीन से पांच के कार्यानुभव, नैतिक शिक्षा विषय, कक्षा छह के विज्ञान व कक्षा सात व आठ के हिंदी विषय के पेपर प्रथम और कक्षा छह से आठ के पर्यावरण अध्ययन विषय का पेपर द्वितीय पाली में संपन्न करवाया जाएगा।