Budaun News: ई-रिक्शा रुक रहे और न चौपहिया वाहन… काहे की नो एंट्री

शास्त्री चौक पर लगा जाम में फंसे लोग। संवाद
बदायूं। त्योहारों के चलते बाजार में भीड़भाड़ बढ़ गई है। बाजार में जाम न लगे, इसके लिए पुलिस ने शहर के प्रमुख बाजारों में सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक नो-एंट्री लागू की है। कई जगह बैरियर लगाकर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, लेकिन यह सारी कवायद सिर्फ दिखावा बनकर रह गई है। नो एंट्री कहीं प्रभावी नहीं दिख रही है। पुलिस के सामने ही ई-रिक्शा और ऑटो ही नहीं चौपहिया वाहन भी बाजारों में घुसकर जाम का कारण बन रहे हैं।
त्योहारों के कारण इस समय बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। दिन में देहात के लोग खरीदारी करने को आ रहे हैं तो शाम के समय शहर के लोग दुकानों पर आ रहे हैं। इससे बाजारों में खूब रौनक नजर आ रही है। बड़ा बाजार, पुराना बाजार, छह सड़का, नेहरू चौक आदि स्थानों पर तो दिन में भीड़ के कारण अक्सर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है। लोगों को भीड़ के कारण जाम से न जूझना पड़े, इसके लिए करीब एक सप्ताह पहले बाजार में नो-एंट्री लागू कर दी गई थी।
इसके लिए छह सड़का, शिव मंदिर चौराहा, खैराती चौक, टिकटगंज, घंटाघर आदि स्थानों पर बैरियर लगाकर या पुलिस वालों की ड्यूटी लगाकर ई-रिक्शा, टेंपो व चौपहिया वाहनों को अंदर नहीं आने देना था लेकिन इसका पालन नहीं हो पा रहा है। ई-रिक्शा और टेंपो चालक बाजार में घुस रहे हैं, जिससे दिन में कई कई बार जाम लग रहा है।
खैराती चौक पर घंटों जाम से जूझते रहे लोग
शहर का सबसे भीड़ भाड़ वाले इलाके खैराती चौक पर बुधवार को यातायात पुलिस की लापरवाही के चलते दिन भर जाम लगा रहा। यहां गांव देहात से खरीदारी करने आए लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ई-रिक्शा बाजार में पहुंचने से घंटो लोग जाम में फंसे रहे। इसके अलावा शास्त्री चौक तक ई-रिक्शा और अन्य छोटे वाहनों का जाना वर्जित तो कर दिया है लेकिन यहां लापरवाही का आलम यह रहा कि इन वाहनों को रोकने वाला कोई दिखाई नहीं दिया।
कुर्सी पर बैठे रहे होमगार्ड, निकलते रहे ई-रिक्शा
बुधवार को करवाचौथ का त्योहार होने और दीपावली नजदीक आने से बाजार में खरीदारी करने वालों की खासी भीड़ थी। लोगों को दुकानों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। घंटाघर और टिकटगंज में लगए गए बैरियर के पास बैठे होमगार्डों ने कुर्सी से उठना तक मुनासिब नहीं समझा। पुलिस के सामने ही ई-रिक्शा नो-एंट्री में घुसते रहे और जाम लगता चला गया। जाम में फंसे सुमित ने बताया कि टिकटगंज से सब्जी मंडी तक जाने में सामान्यत: पांच मिनट लगते हैं लेकिन बाइक से उन्हें आधा घंटा लग गया। सुभाष चौक निवासी योगेश को छह सड़का से घंटाघर जाने में बाइक से 20 मिनट लगे जबकि पैदल यह दूरी चार-पांच मिनट की है।
मंगलवार को ही शहर में यातायात निरीक्षक का कार्यभार संभाला है। नो-एंट्री इलाके में होमगार्ड और पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। अगर कहीं कोई लापरवाही की गई है तो चेक कराया जाएगा। मैं खुद मौके पर जाकर देखूंगा। नो-एंट्री में किसी कीमत पर वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। – कमलेश कुमार मिश्रा, यातायात निरीक्षक

शास्त्री चौक पर लगा जाम में फंसे लोग। संवाद

शास्त्री चौक पर लगा जाम में फंसे लोग। संवाद

शास्त्री चौक पर लगा जाम में फंसे लोग। संवाद

शास्त्री चौक पर लगा जाम में फंसे लोग। संवाद