Pilibhit News: बंद मकान में मिला सेवानिवृत्त सिपाही का शव
दो दिन पुराना बताया जा रहा है शव, बुलंदशहर के रहने वाले थे
संवाद न्यूज एंजेसी।
पीलीभीत। शहर की आवास विकास कॉलोनी के एक बंद मकान में सेवानिवृत्त सिपाही का शव मिला। पड़ोसी की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है।
सेवानिवृत्त सिपाही मुकेश कुमार शर्मा बुलंदशहर के थाना अनूपशहर के गांव शाहजहांपुर के रहने वाले थे। वह काफी लंबे समय से शहर के मोहल्ला आवास विकास कॉलोनी में सत्येंद्र शाही के मकान में रह रहे थे। उनका परिवार उनके साथ नहीं रहता था। शुक्रवार को गश्त कर रही पीआरवी को पड़ोसियों ने बताया कि मकान से बदबू आ रही है और आवाज देने पर मुकेश भी बाहर नहीं निकल रहे। दरवाजा अंदर से बंद है।
पीआरवी के सिपाहियों ने मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मी सीढ़ी के सहारे घर की छत पर पहुंचे। अंदर देेखा सिपाही का शव घर के आंगन में पड़ा हुआ था। आंगन में ही शराब की बोतल भी मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिवार वालों को सूचना दी। देर शाम तक कोई परिवार वाला यहां नहीं पहुंच सका था। पुलिस का मानना है कि हार्ट अटैक या शराब पीने से मुकेश की मौत हुई।मोहल्ले वालों का कहना है कि मुकेश 30 अगस्त 2022 को सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी पत्नी की कोरोनाकाल में मौत हो गई थी। उन्होंने मकान खाली नहीं किया था।