Bareilly News: अवैध खनन कर रहे माफिया, चकमार्ग हुए क्षतिग्रस्त
बरेली। तहसील सदर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में किसानों ने अवैध खनन पर अंकुश लगाने और खनन कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एडीएम सिटी ने जांच के निर्देश दिए हैं।
ठिरिया निजावत खां के शकील मियां, इरफान अली, रिफाकत अली, तारिक, मदनलाल, शरीफ खां व अन्य किसानों ने संयुक्त रूप से ज्ञापन देने पहुंचे। आरोप था कि उनकी खेती की भूमि कैंट क्षेत्र स्थित पालपुर कमालपुर में है। कई दिनों से क्षेत्र में खनन माफिया जेसीबी, ट्रैक्टर से अवैध खनन कर रह हैं। इससे चकमार्ग पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। खेतों में बुवाई और कटाई का कार्य प्रभावित हो रहा है। बतौर साक्ष्य किसानों ने वीडियो और फोटो भी सौंपे हैं।
कुछ दिन पहले जब ग्रामीणों ने आपत्ति जताई तो अवैध खनन करने वालाें ने धमकी दी। प्रकरण में अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई की मांग की है। एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने मामले में सीओ कैंट और संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं।
करीब 50 फीसदी शिकायत राजस्व विभाग से
सदर तहसील में 46 शिकायतकर्ता पहुंचे। इसमें से 25 शिकायतें नाला-नाली निर्माण, वरासत, खतौनी में हेरफेर, पैमाइश संबंधी रही। आंकड़ों के अनुसार राजस्व विभाग की 25, पुलिस की सात, विकास की दो, समाज कल्याण की पांच, स्वास्थ्य विभाग की एक और अन्य छह शिकायत आईं। मौके पर तीन का ही निस्तारण हुआ। 43 शिकायत संबंधित विभागों को निस्तारण के लिए भेजी गई है।


