Rampur News: महिला अधिवक्ता के उत्पीड़न में छह गिरफ्तार, वापस मिली बेटी
रामपुर। दहेज के खातिर महिला अधिवक्ता को मारपीट कर घर से निकालने के साथ ही उसकी बेटी का अपहरण कर ले जाने के मामले मे पुलिस ने अमरोहा निवासी उसके पति समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी बेटी को बरामद कर महिला अधिवक्ता को सौंप दिया गया है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी निवासी महिला अधिवक्ता फहमीना कुरैशी ने पिछले दिनों कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप लगाया था कि उसकी शादी अमरोहा के फरीदपुर अफजलपुर निवासी मुस्तफा रजा के साथ हुई थी। शादी में हैसियत के अनुसार दहेज दिया गया था। शादी के बाद कुछ दिन तक तो दोनों का जीवन ठीक चला, लेकिन बाद में ससुराल वाले दहेज में बीस लाख रुपये और एक कार की मांग करने लगे थे।
मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न करते थे। इस बीच विवाहिता ने एक पुत्री को जन्म दे दिया था। आरोप था कि चार अगस्त को ससुराल वालों ने मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट की। विवाहिता के बचाव करने पर पति ने अवैध तमंचे से फायर झोंक दिया था। जब वह मायके आ गई तो एक दिन ससुराल वाले बच्ची का अपहरण कर ले गए थे। बाद में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर 23 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
इस बीच दो अक्तूबर को विवाहिता के देवर जियाउर को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, पुलिस ने अब इस मामले में विवाहिता के पति मुस्तफा रजा, अकील अहमद, खुर्शिदा, आस्तना, गुलिस्ता और हसीना को गिरफ्तार कर बच्चीं को बरामद कर लिया। सिविल लाइंस थाना प्रभारी पंकज पंत ने बताया कि इस मामले में अब तक सात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, बाकी की तलाश जारी है। बताया कि बेटी को बरामद करते हुए महिला अधिवक्ता को सौंप दिया गया है।

