Rampur News: सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष समेत चार पर रिपोर्ट
रामपुर। घर में घुसकर एक किसान के साथ मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने के मामले में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष उज्ज्वल दीदार सिंह समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं उज्ज्वल दीदार सिंह ने इसे राजनीति से प्रेरित बताया। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कौशलगंज निवासी सचिन हलदर पुत्र सुरेंद्र हलदर ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 26 अक्तूबर की रात वह अपने घर में परिवार के साथ था। आरोप है कि ग्राम गोकुल नगरी निवासी सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष उज्ज्वल दीदार सिंह उर्फ साबी पुत्र हरदीप सिंह अपने साथी नवदीप सिंह उर्फ नब्बी निवासी ग्राम कासमगंज, खलील निवासी मोहल्ला शीरीमिया, बलविंदर सिंह पुत्र लखविंदर सिंह निवासी कोटा अलीनगर के साथ उसके घर में घुस गए।
आरोप है कि केस वापस लेने को लेकर मारपीट करने लगे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष समेत चारों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी नवाब सिंह ने बताया कि धारा 452, 506 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों ने अग्रिम जमानत के लिए प्रार्थना पत्र भी न्यायालय में दे दिया है। वहीं, उज्ज्वल दीदार सिंह ने बताया कि यह मुकदमा झूठा है। राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।

