Bareilly News: धुंध और धुआं से हवा में घुल रहा जहर, प्रदूषण से बचने के लिए चिकित्सक दे रहे ये सलाह

बरेली में छाई धुंध
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में मौसम का तापमान गिरने के साथ ही वायु प्रदूषण का ग्राफ भी बढ़ रहा है। अव्यवस्थित निर्माण और वाहनों का धुआं हवा में जहर घोल रहा है। रविवार को दिनभर शहर पर धुंध की चादर तनी रही। इस वजह से धूप फीकी रही। न्यूनतम तापमान में दो व अधिकतम में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। सोमवार को भी हल्की धुंध छाई हुई है।
सप्ताहभर से सिविल लाइंस क्षेत्र का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) यलो लेवल पर दर्ज हो रहा है। रविवार को राजेंद्रनगर इलाके में भी एक्यूआई सामान्य से ज्यादा रहा। सुबह और शाम को धुंध छाई रही। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक दस दिन और धुंध मंडराएगी। फिर हल्की बारिश होने के बाद ही इससे निजात मिलेगी।
ये भी पढ़ें- Honey Trap: वीडियो कॉल पर लड़की ने उतारे कपड़े, फिर शुरू हुआ ऐसा खेल; रिटायर्ड दरोगा को भी जाल में फंसाया
रविवार को राजेंद्र नगर में एक्यूआई 157 और सिविल लाइंस का 192 दर्ज हुआ। बरेली का औसत एक्यूआई 172 दर्ज किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 27.3 और न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। ब्यूरो
फिजिशियन डॉ. रविश अग्रवाल के मुताबिक धुंध से श्वांस रोगियों की परेशानी बढ़ने की आशंका है। ऐसी स्थिति में लगातार सांस लेने से प्रदूषण के कण फेफड़े पर चिपक सकते हैं। जो बीमारी को और बढ़ाएंगे। इससे बचने के लिए संभव हो तो मास्क लगाकर ही घर से बाहर निकलें। वहीं, आंखों से पानी आने, लाल होने, खुजलाहट समेत अन्य समस्याएं हो सकती हैं।


