Budaun News: बिनावर के प्रेम सिंह का था गन्ने के खेत में मिला शव

मृतक प्रेम सिंह का फाइल फोटो।
सिलहरी। सिविल लाइंस इलाके में बसंतनगर और सनाय गांव के बीच गन्ने के खेत में मिला शव बिनावर क्षेत्र के प्रेम सिंह का था। वह 22 अक्तूबर से लापता थे। पुलिस ने शव की पहचान न होने पर अंतिम संस्कार करा दिया था। अब पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिनावर थाना क्षेत्र के गांव तिसंगा निवासी प्रेम सिंह (36) 22 अक्तूबर को खेत पर काम करने गए थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। परिवार वालों ने उनकी तलाश भी की लेकिन कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिवार वालों ने थाना पुलिस को सूचना दी। 28 अक्तूबर को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बसंतनगर और सनाय गांव के बीच गन्ने के खेत में एक शव पड़ा मिला। पहचान न होने पर पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा दिया। शव काफी सड़ागला था। गले में अंगोछा कसा था। इससे उसकी हत्या मानी जा रही थी।
शव का 72 घंटे बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई। पहचान न हो पाने पर पुलिस ने कछला गंगा घाट पर शव का अंतिम संस्कार करा दिया। सोमवार को परिवार वाले सिविल लाइंस थाने पहुंचे। उन्होंने शव के फोटो और कपड़ों से उसकी प्रेम सिंह के रूप में पहचान की। इसके बाद से थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस को कुछ सुराग भी मिले हैं।
अक्सर घर आने वाले रिश्तेदार पर शक
प्रेम सिंह के लापता होने और फिर शव मिलने को लेकर गांव में कई तरह की चर्चाएं हैं। बताया जा रहा है कि प्रेम सिंह शादीशुदा थे। उनके घर पर एक रिश्तेदार का आना जाना रहता था। गांव वाले उस पर ही प्रेम सिंह को अपने साथ ले जाने की आशंका जता रहे हैं।