Rampur News: आज डीएम को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
रामपुर। शिक्षा विभाग की जमीन पर संचालित हो रहे सपा नेता आजम खां के रामपुर पब्लिक स्कूल (गर्ल्स विंग) की छात्राओं को शिफ्ट कराने की कवायद तेज हो गई है। बीएसए और जिला विद्यालय निरीक्षक की कमेटी मंगलवार को अपनी रिपोर्ट डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ को सौंपेगी। इसके बाद ही आगे का फैसला होगा।जौहर ट्रस्ट की ओर से शिक्षा विभाग की जमीन पर संचालित हो रहे रामपुर पब्लिक स्कूल और सपा कार्यालय को लेकर सरकार ने स्कूल भवन को खाली करने का निर्णय लिया है। इस निर्णय के बाद से स्कूल में पढ़ने वाली तकरीबन 634 छात्राओं के भविष्य पर सवाल खड़ा हो गया है। स्कूल में कक्षा एक से आठवीं तक की कक्षाएं लगती हैं। प्रशासन ने इन सब परिस्थितियों को देखते हुए स्कूल के बच्चों का ख्याल रखा है, जिसके लिए मुख्य विकास अधिकारी नंदकिशोर कलाल ने जिला विद्यालय निरीक्षक मुन्ने अली और बीएसए संजीव कुमार को शामिल करते हुए कमेटी बनाई है, जिससे कि स्कूल भवन को खाली कराया जा सके और इसमें पढ़ने वाली छात्राओं की भविष्य पर भी संकट पैदा न हो।
इसके लिए शिक्षा विभाग के अधिकारी स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं को दूसरे स्कूल में शिफ्ट करने की तैयारी में है। इसको लेकर रविवार को बीएसए संजीव कुमार और जिला विद्यालय निरीक्षक मुन्ने अली ने स्कूल में पहुंचकर अभिभावकों के संग वार्ता की थी। वार्ता में उन्होंने छात्राओं को दूसरे स्कूल में शिफ्ट करने की बात कही। इस पर अभिभावकों ने एकराय होते हुए पूरे सेशन का वक्त मांगा है। दो अफसरों की समिति ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर ली है और यह रिपोर्ट डीएम को यह रिपोर्ट मंगलवार को सौंपी जाएगी।
स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं के अभिभावक संग हुई वार्ता हुई है। अभिभावकों ने मार्च 2024 तक स्कूल में सत्र चालू रखने की मांग की है। स्कूल की प्रधानाचार्य ने भी प्रत्यावेदन दिया है, जिस पर अब इस मामले की रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी। डीएम ही मामले में फैसला लेंगे। – संजीव कुमार, बीएसए