Pilibhit News: भाकियू का कोतवाली गेट पर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन

पूरनपुर कोतवाली गेट पर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते भाकियू कार्यकर्ता । संवाद
पक्षपात का आरोप, कोतवाल के समझाने पर शांत हुए प्रदर्शनकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। पक्षपात का आरोप लगाते हुए भाकियू कार्यकर्ताओं ने पूरनपुर कोतवाली गेट पर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। नाराज प्रदर्शनकारी कोतवाली गेट पर बैठ गए। हंगामा, प्रदर्शन की जानकारी पर पहुंचे कोतवाल ने प्रदर्शनकारियों को समझाया और समस्या बताने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस पर प्रदर्शनकारी शांत हुए।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि गांव जेठापुर में भाकियू कार्यकर्ता अपने पुश्तैनी जमीन पर उपले और बटिहा लगा रहा था। गांव के कुछ लोगों ने उपले फोड़ दिए और दोबारा जमीन पर उपले बनाने पर जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि आरोपियों ने गांव में ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा कर रखा है। तालाब पाट लिया है। विवाद की सूचना भाकियू कार्यकर्ता की ओर से देने पर पुलिस नहीं पहुंची। जबकि दूसरे पक्ष की सूचना पर पुलिस अक्सर पहुंच जाती है।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाया। मामले की जानकारी पर पहुंचे कोतवाल ने प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाया। इस पर प्रदर्शनकारी मान गए। भाकियू के प्रदेश सचिव स्वराज सिंह ने बताया कि कोतवाल ने भाकियू कार्यकर्ता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराने का आश्वासन दिया है।